पिहानी। पिहानी-महोली मार्ग पर बाइक सवार महिला को कार ने टक्कर मार दी।
सड़क पर गिरी महिला को विपरीत दिशा से आ रहे गन्ना लदे ट्रक ने कुचल दिया। मौके पर ही महिला की मौत हो गई। नाराज परिजनों ने शव नहीं उठने दिया और जाम लगा दिया। लगभग पौने दो घंटे की मशक्कत के बाद परिजन माने और तब शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटना के बाद चालक मौके से ट्रक छोड़कर भाग निकला।
रमपुरा निवासी सूरज अपनी पत्नी पूनम (30), चचेरे भाई और छह माह की बच्ची के साथ शुक्रवार को बाइक से कुल्हावर मेला देखने जा रहा था। पिहानी महोली मार्ग पर बूढ़ा गांव के पास पीछे से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से पूनम सिर के बल सड़क पर गिर गई। इसी दौरान कुल्हावर की ओर से आ रहे गन्ना लदे ट्रक ने महिला को कुचल दिया। मौके पर ही महिला की मौत हो गई।
घटना से नाराज परिजनों ने सड़क से शव नहीं उठने दिया और जाम लगा दिया। मृतका की सास फूलमती ने मौके पर जमकर हंगामा किया। मृतका के तीन बच्चों और पति को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की। सहायता न मिलने पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से शिकायत दर्ज कराने की बात कही।
जानकारी पर पहुंचे सीओ संतोष कुमार सिंह, पिहानी कोतवाली प्रभारी प्रशिक्षु सीओ प्रवीण कुमार यादव, अतिरिक्त निरीक्षक संजय त्यागी मौके पर पहुंचे। ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने पर परिजन माने। सीओ संतोष कुमार सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।