शाहाबाद/भरावन। महाप्रभु श्री जगन्नाथ भगवान की रथ शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धालुओं के जय जगन्नाथ, जय जगन्नाथ के जयघोष से क्षेत्र में आस्था की बयार बही। श्रद्धालुओं ने भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा को विराजमान कर रथ को खींचा। जगह जगह श्रद्धालुओं ने रथयात्रा का स्वागत किया और भगवान श्री जगन्नाथ का पूजन अर्चन किया।
शाहाबाद नगर में पहली बार शुक्रवार को महाप्रभु श्री जगन्नाथ स्वामी की भव्य रथयात्रा धूमधाम से निकाली गई। रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और महाप्रभु श्री जगन्नाथ का रथ खींचने और स्वागत की श्रद्धालुओं में होड़ रही। मोहल्ला चौक स्थित रामवाटिका से रथयात्रा शुरू होकर बाजार शंभा, घंटाघर और घास मंडी तिराहा से मोहल्ला दिलेरगंज स्थित गायत्री माता मंदिर आई। रामवाटिका में महाप्रभु श्री जगन्नाथ की आरती उतारी गई। आयोजन में भाजपा नेता आदि उपेंद्र तिवारी, आलोक गुप्ता, अनिल पांडेय, आलोक पाठक, रजनीश मिश्रा, कुलदीप श्रीवास्तव, अंकित गुप्ता आदि श्रद्धालु शामिल रहे।
भरावन क्षेत्र में महाप्रभु श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा ब्रह्मर्षि देवराहा बाबा आश्रम खसरौल से गाजे बाजे, शंखनाद और जयघोष के साथ शुरू हुई। श्रद्धालुओं ने रथयात्रा के मार्ग पर झाड़ू लगाई। जगह जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर पूजन और दर्शन किए। आश्रम संस्थापक स्वामी डॉ. सौमित्र प्रपन्नाचार्य ने बताया कि आश्रम में विराजमान महाप्रभु श्री जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की रथ शोभायात्रा निकाली गई। गंज भरावन स्थित शीतला माता मंदिर पर भंडारा भी हुआ। पप्पू रस्तोगी, भाजपा नेता राजेश अवस्थी, पंकज शुक्ला, श्रीपाल वाजपेई, सौम्य वाजपेई, अंशु मिश्रा और बबलू सिंह आदि शामिल रहे।