हरदोई। काम और भुगतान में गड़बड़ी की जांच के लिए जिलाधिकारी अनुनय झा ने दो सदस्यीय समिति का गठन किया। जिलाधिकारी ने विकास खंड अहिरोरी की ग्राम पंचायत बरखेरवा में साल 2021-22 से 2024-25 तक करीब 11 लाख से अधिक रुपये की गड़बड़ी की जांच आख्या एक माह के अंदर तलब की है।
जिलाधिकारी ने बरखेरवा की जांच के लिए जिला उद्यान अधिकारी और पीएमजीएसवाई के सहायक अभियंता को जांच के लिए नामित किया है। उन्होंने यह दो सदस्यीय समिति जिला पंचायत सदस्य कल्लू और सांसद जय प्रकाश की तरफ से मंडलायुक्त से की गई शिकायत पर गठित की है। समिति से एक माह के अंदर जांच रिपोर्ट निष्कर्ष सहित मांगी है।
कहा कि ग्राम पंचायत बरखेरवा में साल 2021-22 से 2024-25 तक कराए गए काम और भुगतान में गड़बड़ी की गई है। इंडिया मार्का हैंडपंप की मरम्मत और रिबोर के नाम पर 4,90,439 रुपये व 3,25,506 रुपये, ह्यूम पाइप खरीदारी के नाम पर 2,60,860 रुपये, स्ट्रीट लाइट के नाम पर 2,87,200 रुपये का भुगतान निकाला गया है। ऐसे ही पंचायत भवन की मरम्मत, सीमेंट बेंच की खरीदारी, राधेश्याम के मकान से विशंभर के मकान तक सीसी सड़क, पशु आश्रयस्थल में केयर टेकर के नाम से भी भुगतान निकाला गया है।
उन्होंने अहिरोरी बीडीओ को आदेश दिए हैं कि पंचायत सचिव को जांच के समय सभी अभिलेखों के साथ उपस्थित रहना सुनिश्चित किया जाए। आय-व्यय और पत्रावली आदि होने से जांच में आसानी होगी।