आयोग के निर्देश पर प्रदेश में रिक्त पंचायत पदों पर उपचुनाव कराया जाएगा। इसको लेकर एक अगस्त को अधिसूचना जारी हो सकती है। आयोग के संकेत पर निर्वाचन विभाग ने रिक्त पदों की सूची तैयार कर ली है। जिले में एक प्रमुख, दो प्रधान समेत 53 रिक्त पदों पर उपचुनाव कराया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया अगस्त माह में संभावित है।
आयोग ने समस्त जिलों के जिला सहायक निर्वाचन अधिकारियों को तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए हैं। जिला स्तर पर रिक्त पंचायत पदों का डाटा तैयार कर सूची आयोग को भेजे जाएगी। नामांकन से लेकर मतदान की प्रक्रिया की रूपरेखा तैयार करने के लिए भी कहा गया है।
इसके बाद जिले में रिक्त पदों का डाटा तैयार किया जाने लगा है। जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी बीएल भार्गव ने बताया कि जिले में अहिरोरी व सांडी में प्रधान के पद रिक्त हैं। संडीला में दो व सुरसा में क्षेत्र पंचायत सदस्य का एक पद रिक्त है। पिहानी में प्रमुख का पद रिक्त है। इसके अलावा कई ब्लाकों में 48 पद ग्राम पंचायत सदस्य के रिक्त हैं। उन्होंने बताया कि रिक्त पदों की सूची तैयार की जा रही है।
विभागों से मांगा गया अधिकारियों व कर्मचारियों का डाटा
हरदोई। पंचायत उपचुनाव को लेकर अधिसूचना भले ही लागू न हुई हो लेकिन तैयारियां जोरों पर हैं। जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी बीएल भार्गव ने बताया कि उपचुनाव कराने के लिए समस्त विभागों से अधिकारियों व कर्मचारियों का डाटा मांग लिया गया है।