हरदोई। मुर्दाें के जेवर चोरी करने के मामले में बर्खास्त कर्मचारी के आरोपों के बाद सीएमओ ने चार वरिष्ठ अधिकारियों की एक जांच कमेटी बनाई है। जांच कमेटी ने पोस्टमार्टम हाउस में ड्यूटी करने वाले पूर्व और मौजूदा कर्मचारियों के बयान भी लिए। पूर्व में ही पोस्टमार्टम हाउस से हटाए गए फार्मासिस्ट के बयान होना अभी बाकी है। माना जा रहा है कि आज जांच रिपोर्ट आ जाएगी।
लखनऊ रोड पर सौ शैया संयुक्त चिकित्सालय परिसर में आधुनिक पोस्टमार्टम हाउस बना है। यहां नौ अप्रैल काे पुलिस लाइन में तैनात महिला आरक्षी निक्की की बड़ी बहन पिंकी के शव का पोस्टमार्टम किया गया था। दरअसल पिंकी की संदिग्ध हालात में नौ अप्रैल को मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम के बाद उसके कान और नाक की सोने की बालियां गायब हो गई थीं। इसकी शिकायत निक्की ने सीएमओ डॉ. रोहताश कुमार से की थी। सीएमओ ने जांच के बाद पोस्टमार्टम हाउस में तैनात दो आउट सोर्सिंग कर्मियों रूपेश पटेल और वाहिद को बर्खास्त कर दिया था।
मंगलवार को रूपेश पटेल ने खुद के बेगुनाह होने और इस खेल में पोस्टमार्टम हाउस के दो और जिम्मेदारों के शामिल होने का आरोप लगाते हुए वीडियो वायरल किया था। इसको लेकर अमर उजाला ने 26 जून के अंक में खबर प्रकाशित की थी। इसको संज्ञान में लेकर सीएमओ डाॅ. रोहताश कुमार ने चार सदस्यीय कमेटी गठित की है। इस कमेटी में डाॅ. पंकज मिश्रा, डाॅ. जितेंद्र श्राीवास्तव, डाॅ. सुरेंद्र कुमार और डाॅ. मनोज सिंह शामिल हैं। बुधवार को टीम गठित होते ही पोस्टमार्टम हाउस पर ड्यूटी करने वाले फार्मासिस्ट प्रमोद कुमार समेत सभी कर्मचारियों के बयान दर्ज किए गए।
कुछ दिन पहले सीएमओ से अभद्रता में स्थानांतरित किए गए फार्मासिस्ट पंकज सचान के बयान बृहस्पतिवार को होने की संभावना है। पिछले 15 दिन के सीसीटीवी फुटेज भी जांच टीम ने खंगाले हैं। माना जा रहा है कि पोस्टमार्टम में ड्यूटी करने वाले एक मौजूदा और एक पूर्व फार्मासिस्ट पर भी कार्रवाई होनी तय है।
इनसेट
पहले लेता रहा हिस्सा, अब लगा रहा आरोप
पूरे घटनाक्रम में बर्खास्त किए गए आउट सोर्सिंग कर्मी रूपेश पटेल को लेकर भी कई शिकायतें विभागीय अधिकारियों को मिल रही हैं। दरअसल रूपेश ने बर्खास्तगी के बाद आरोप लगाने शुरू कर दिए, लेकिन पहले कभी इस मामले की शिकायत न तो सीएमओ से की और न ही किसी वरिष्ठ चिकित्सक से। ऐसे में कहीं न कहीं इसे खुन्नस निकालने का तरीका भी माना जा रहा है। जो वीडियो रूपेश वायरल कर रहा है उसको लेकर यह पुष्टि भी नहीं हो पा रही है कि वीडियो कहां बनाया गया है।
वर्जन
फोटो-30-डाॅ. रोहताश कुमार। संवाद
सभी आरोपों की जांच गंभीरता से वरिष्ठ अधिकारियों की टीम से कराई जा रही है। जो भी दोषी होगा उस पर न सिर्फ विभागीय कार्रवाई होगी बल्कि विधिक कार्रवाई भी की जाएगी।
डाॅ. रोहताश कुमार
सीएमओ