हरदोई। तेज रफ्तार पिकअप ने मंगलवार रात घंटाघर गेट के सामने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। अटल चौक के पास एक बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद बावन चुंगी पर बाइक सवार चाचा-भतीजे को टक्कर मार दी। इसके बाद पिकअप एक मकान के बाहर चबूतरे से टकराकर रुक गई। घटना में ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई। पुलिस ने पिकअप चालक समेत पकड़ लिया है।
टड़ियावां थाना क्षेत्र के सारीपुर छछेटा निवासी राहुल मिश्रा (40) ई-रिक्शा चालक थे। उनका एक मकान शहर के धर्मशाला रोड स्थित बहरा सौदागर पूर्वी में है। वह परिवार के साथ शहर के मकान में रहते थे। पिता रमेश के मुताबिक, इन दिनों राहुल एक कंपनी का प्रचार कर रहे थे। वह ई रिक्शा में बैनर लगाकर शहर के अलग-अलग रास्तों पर जाते थे। मंगलवार रात वह ई रिक्शा से अटल चौक (नुमाइश चौराहा) से घर जा रहे थे।
इस दौरान घंटाघर रोड पर घंटाघर गेट के सामने पिकअप ने ई रिक्शा में टक्कर मार दी। तेज रफ्तार पिकअप ने एक किलोमीटर दूर बावन चुंगी के पास शहर के आलू थोक निवासी बाइक सवार अतुल कुमार सिंह (41) और भतीजे आयुष कुमार सिंह (27) को टक्कर मार दी। अतुल और आयुष का प्राइवेट अस्पताल में इलाज कराया गया। वहीं, राहुल को मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां चिकित्सक ने राहुल को मृत घोषित कर दिया। मृतक की मां किशोरी मिश्रा और पत्नी संजू मिश्रा शव देख कर बदहवास हो गईं। मृतक के परिवार में पत्नी और एक पुत्र अक्षत मिश्रा है।
घटनास्थल पर बाइक पिकअप में फंसने से चालक पिकअप को भगाने में कामयाब नहीं हो सका। मौके पर मौजूद लोगों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि पिकअप समेत चालक को हिरासत में लिया गया है। शव का पंचनामा भरवाया गया है।
फोटो-15- राहुल। फाइल फोटो