बावन। सवायजपुर मार्ग पर लोनार कोतवाली क्षेत्र में रविवार दोपहर तेज रफ्तार कंटेनर ने दो ई-रिक्शा समेत कई वाहनों और ठेलियों में टक्कर मार दी। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई जबकि 12 लोग घायल हो गए। मृतका की पहचान अभी नहीं हो सकी है। घटना के बाद कंटेनर छोड़कर भाग रहे चालक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया।
सवायजपुर की तरफ से रविवार को एक कंटेनर दूध पाउडर और क्रीम लादकर हरदोई की तरफ जा रहा था। न्योरादेव गांव के पास कंटेनर ने एक बाइक में टक्कर मार दी। इसके बाद अनियंत्रित हुआ कंटेनर पेड़ से टकरा गया। जल्दबाजी में चालक ने वहां से कंटेनर निकाला और तेज रफ्तार में हरदोई की तरफ जाने लगा। रास्ते में जगदीशपुर में बाजार के पास सबसे पहले कंटेनर ने सवारियों से भरे ई-रिक्शा और फिर गेहूं लदे ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। इसके बाद एक चाट के ठेले, केले की ठेली और दिव्यांग की ट्राईसाइकिल में भी टक्कर मार दी। इस बीच हरदोई की तरफ से फर्रुखाबाद जा रही पिकअप को भी कंटेनर ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से पिकअप बीच सड़क पर रुक गया और इससे टकराकर कंटेनर भी रुक गया। मौके पर अफरातफरी मच गई।
घटना में एक महिला की मौत हो गई, जिसकी अभी पहचान नहीं हो सकी है। इसके अलावा लोनार निवासी पवन सिंह (28) और रमेश (40), झौहाना निवासी मुकेश (35) और रुचि (28), रामपुर जटौली निवासी महेंद्र (50) और हरीशचंद (52), बरबन निवासी मुस्कान (6), पुरौरी निवासी सुखराम (30) और पिंकू (32), औहदपुर निवासी खुशीराम (32) और नरेश (38) व जगदीशपुर निवासी प्रियांशु (12) घायल हो गए। सभी घायलों का उपचार मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मृतका की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पिकअप चालक फर्रुखाबाद जनपद के मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र के अरबाजपुर निवासी महिपाल को चोटें नहीं आई हैं। वह मौके से पिकअप लेकर अपने घर चले गए।
बाजार का था दिन, हो सकती थी बड़ी घटना
जगदीशपुर में रविवार को बाजार लगती है। आसपास के कई गांवों के लोग यहां सब्जी से लेकर घरेलू उपयोग की अन्य सामग्री खरीदने आते हैं। रविवार को जिस वक्त घटना हुई उस समय बाजार में खासी भीड़ थी। अचानक हुई घटना से खलबली मच गई, जिसने भी सुना वह घटनास्थल की तरफ दौड़ गया। ग्रामीणों ने इस दौरान यही कहा कि गनीमत रही एक ही जान गई, वरना जिस तरह से भीड़ थी और हादसा हुआ, उससे कई लोग हताहत हो सकते थे।
फोटो-21- जगदीशपुर चौराहा पर खड़ा कंटेनर और पिकअप। संवाद
फोटो-21- जगदीशपुर चौराहा पर खड़ा कंटेनर और पिकअप। संवाद