हरदोई। त्योहार के बाद यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ के मद्देनजर रेलवे ने मुजफ्फरपुर और आनंद विहार टर्मिनल के बीच एक फेरे के लिए विशेष ट्रेन का संचालन किया है। ट्रेन का संचालन 18 नवंबर को मुजफ्फरपुर से किया जाएगा जो आनंद विहार तक जाएगी और अगले दिन आनंद विहार टर्मिनल से दोबारा वापस होगी। ट्रेन का ठहराव दोनों तरफ से हरदोई स्टेशन पर भी होगा।
दिवाली और छठ पूजा के बाद ट्रेन में भीड़ बढ़ने की वजह से रेलवे ने विशेष ट्रेन चलाई है। सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि ट्रेन संख्या 05281 मुजफ्फरपुर-आनंद विहार स्पेशल 18 नवंबर को मुजफ्फरपुर से सुबह 6:30 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन लखनऊ होते हुए रात 9:38 बजे हरदोई पहुंचेगी और दो मिनट के ठहराव के बाद 09:40 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन सुबह पांच बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 05282 आनंद विहार-मुजफ्फरपुर स्पेशल 19 नवंबर को आनंद विहार से सुबह सात बजे रवाना होगी।
यह ट्रेन दोपहर 1:09 बजे हरदोई पहुंचेगी और 1:11 बजे रवाना होगी। लखनऊ में इसका ठहराव दोपहर 3:20 से 3:30 बजे तक रहेगा। इसके बाद गोरखपुर होते हुए अगले दिन सुबह 4:50 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में ट्रेन का ठहराव हरदोई, लखनऊ, मुरादाबाद, गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, बेतिया, नरकटियागंज समेत प्रमुख स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है।