गोधा थाना क्षेत्र के गांव मैंमड़ी में खेत पर बोई फसल जोतने, ट्रैक्टर में आग लगाने व जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों से 22 नामजद व 270 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पहले पक्ष पुष्पा देवी की ओर से 13 नामजद और 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। दूसरे पक्ष से सुनील ने नौ नामजद और 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गोधा थाना क्षेत्र के गांव काजिमपुर निवासी पुष्पा देवी ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि 11 जून को सुबह करीब 7.30 बजे वह अपने खेत में मजदूरों के साथ काम करा रही थीं। उनका ट्रैक्टर भी वहीं खड़ा था। इस दौरान मैंमड़ी निवासी प्रवीन, शैलेन्द्री, शेशान्द्री, टिल्लू, माधुरी, झिलमिल, देवेन्द्र, अनुज कुमार, अंशुल, सुशील कुमार, गिरीश कुमार, सुभाष, कुलदीप करीब 60-70 अजात साथियों के साथ हाथों में लाठी-डंडे व पेट्रोल से भरी केन लेकर पहुंच गए। कृषि कार्य रोकने लगे।
आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने पेट्रोल छिड़क कर जिंदा जलाने की कोशिश की और ट्रैक्टर में आग लगा दी। पीपीड़ित जैसे-तैसे आग से जान बचा सकी। शोर सुनकर आए राहगीरों के बचाने पर आरोपी गोलियां चलाते हुए अंजाम भुगतने की धमकी देकर भाग गए। आरोप है कि रात को आरोपी पुन: खेत पर पहुंचे और वहां आवारा पशुओं की रोकथाम के लिए तारबंदी को लगाए 141 लोहे के एंगल चुरा ले गए। महिला की तहरीर पर पुलिस ने इस मामले में धारा 147, 148, 149, 285, 307, 379, 427, 506 के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। पुष्पा देवी की ओर से 14 नामजद और 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। संवाद
दूसरे पक्ष से सुनील कुमार ने थाना गोधा में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कहा है कि उसकी जमीन का मामला अलीगढ़ सिविल कोर्ट में स्नेहलता बनाम राकेश आदि के नाम से विचाराधीन है। 11 जून को विपक्षी राकेश, योगेंद्र, भूपेंद्र, दिनेश, खेम सिंह, निवासी काजिमपुर अपने साथ विनोद, राहुुल निवासी जनकपुर थाना अतरौली, अर्जुन व कालू निवासी छलेसर व अन्य 200 लोगों के साथ ट्रैक्टर से आये और उसकी 16 बीघा खेत में बोई हुई फसल को तहस नहस कर दिया।
जब वह खेत पर पहुंचे तो भतीजे अंशुल, प्रवीन, अनुज, भतीजी अनामिका को हमलावरों ने तमंचा, सरिया, लाठी, डंडा, भाला आदि से मारा पीटा। अंशुल व अर्जुन को जान से मारने की नीयत से गोली चलाई गई। पुलिस के आने से पहले ही हमलावर भाग गये। सुनील ने नौ नामजद और 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।