हरदोई। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के प्रताप नगर-बघौली मार्ग पर शुक्रवार रात बाइक सवार ऑटो से टकराने के बाद अनियंत्रित हो गया। पैदल जा रहे किसान को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल किसान की मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। घटना के बाद बाइक सवार मौके से भाग निकला।
बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के अंटवा निवासी देवी दयाल (60) खेती करते थे। उनके भतीजे लक्ष्मण ने बताया कि शुक्रवार शाम देवी दयाल सड़क किनारे लगे घूरे पर कूड़ा डालने निकले थे। इस बीच बघौली की तरफ से आ रहा तेज रफ्तार बाइक सवार पहले प्रतापनगर की तरफ से आ रहे ऑटो से टकरा गया। इसके बाद अनियंत्रित होकर देवी दयाल को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल देवी दयाल को कोथावां सीएचसी से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। यहां शनिवार सुबह उनकी मौत हो गई। वह अविवाहित थे।
शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज प्रशासन की सूचना पर शव का पाेस्टमार्टम कराया गया है। बेनीगंज कोतवाल सतीश चंद्र ने बताया कि घटना संज्ञान में है। परिजन से शिकायत लेकर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।