पाली। झगड़े की शिकायत पर हिरासत में लिए गए तीन लोगों का पुलिस ने शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया। तीनों को मंगलवार को उपजिलाधिकारी सवायजपुर की कोर्ट से जमानत मिल गई। देर रात इनमें से एक ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना थाना क्षेत्र के भरखनी गांव की है।
भरखनी निवासी शिव कुमार कुशवाहा (45) परिवार के साथ अलग-अलग शहरों में रहकर मजदूरी करते थे। गांव स्थित कुछ भूमि को लेकर शिव कुमार और उनके चचेरे भाइयों के बीच विवाद है। इसको लेकर शिव कुमार के पिता रामफेर ने न्यायालय में वाद दायर किया था। 14 मई को राजस्व टीम ने पुलिस की मौजूदगी में पैमाइश की थी। शिव कुमार और उनके पिता को जमीन का हकदार बताया था। बीते सोमवार को शिवकुमार ने संबंधित भूमि पर निर्माण कराने का प्रयास किया तो चचेरे भाइयों ने इसका विरोध किया। झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिव कुमार और उनके चचेरे भाइयों को हिरासत में ले लिया था। मंगलवार को दोनों पक्षों का चालान पुलिस ने शांतिभंग की आशंका में किया था।
सवायजपुर उपजिलाधिकारी के न्यायालय से तीनों को जमानत मिल गई थी। शिवकुमार की पत्नी लक्ष्मी ने बताया कि मंगलवार रात लगभग आठ बजे शिव कुमार घर आए थे। वह सीधे कमरे में चले गए। काफी देर बाहर नहीं निकले तो खिड़की से झांककर देखा तो उनका शव पंखे से रस्सी के फंदे से लटका दिखा। शोर सुनकर अन्य परिजन और पड़ोसी आ गए। परिवार में एक पुत्र सौरभ है। थानाध्यक्ष सोमपाल गंगवार ने बताया कि मृतक के पिता रामफेर की सूचना पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्राथमिक जांच में मामला खुदकुशी का ही लग रहा है। अगर परिजन कोई शिकायत देंगे तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
इनसेट
चचेरे भाइयों से मंगलवार शाम भी विवाद की चर्चा
गांव में चर्चा है कि मंगलवार को एसडीएम न्यायालय से जमानत मिलने के बाद गांव पहुंचे शिव कुमार का विवाद चचेरे भाइयों से हो गया था। इस दौरान चचेरे भाइयों ने पिता के साथ मिलकर शिवकुमार से गाली-गलौज की थी। चर्चा यह भी है कि इसी से आहत होकर शिव कुमार ने खुदकुशी कर ली। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।