हरदोई। जीवित व्यक्ति को मरा दिखाकर खेत और मकान का बैनामा कराने के मामले में देहात कोतवाली पुलिस ने तीन लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के महोलिया शिवपार के हरीनगर निवासी आशुतोष पांडेय ने दर्ज कराई प्राथमिकी में कहा है कि जब वह 13 साल के थे तब उनके पिता विश्वनाथ पांडेय और मां कोकिला पांडेय मौत साल 1996 में हो गई थी। उस समय महोलिया शिवपार में तैनात पंचायत सचिव अशर्फी लाल ने टड़ियावां थाना क्षेत्र के बहोरवा निवासी शिव गोविंद, हरिनाम और गुड्डन पुत्रगण छोटेलाल को लाभ पहुंचाने के लिए परिवार रजिस्टर में मृत दर्शा दिया। जिससे साल 1998 में शिवगोविंद आदि ने 13 बीघा खेत और मकान का बैनामा करा लिया। शिकायत अधिकारियों से की तो, जांच में जीवित होने की पुष्टि हुई। कोतवाली पुलिस ने बहोरवा निवासी शिवगोविंद, हरिनाम और गुड्डन के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है।