कछौना। लोक अदालत में शामिल होने बाइक से जा रहे पारिवारिक चाचा भतीजे को कार ने टक्कर मार दी। घटना में भतीजे की मौत हो गई जबकि चाचा घायल हो गए। घटना लखनऊ-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को हुई। पुलिस ने कार और चालक को पकड़ लिया है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
टिकारी निवासी पुष्पेंद्र (30) खेती करते थे। चाचा विपिन (28) के साथ शनिवार को हरदोई में लोक अदालत में शामिल होने जा रहे थे। यहां उन्हें बिजली के बिल संबंधी मामले का निस्तारण कराना था। गांव से निकलते ही लखनऊ पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर सेठ भूरामल स्कूल के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से पुष्पेंद्र और विपिन सिर के बल सड़क पर गिर गए। सिर में गंभीर चोटें आने से पुष्पेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। विपिन को गंभीर हालत में सीएचसी लाया गया। यहां भर्ती कर लिया गया।
पुष्पेंद्र के परिवार में पत्नी पिंकी और मां कांती देवी हैं। घटना का पता चलने पर कांती और पिंकी बदहवास हो गए। सीएचसी कछौना में मौजूद लोगों ने उन्हें किसी तरह संभाला। कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। कार और चालक पुलिस के कब्जे में है। परिजनों से शिकायत लेकर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
फोटो-02- पुष्पेंद्र। फाइल फोटो