हरदोई। संपूर्ण स्वच्छता अभियान के अंतर्गत निर्मल भारत अभियान के क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को एक बैठक का आयोजन किया गया। विकास भवन सभागार में आयोजित की गई बैठक में एपीएल परिवारों को शौचालयों के प्रति जागरूक कर निर्माण कराने और प्रयोग कराने के लिए प्रेरित करने की बात कही गई।
सीडीओ एके द्विवेदी ने निर्मल भारत अभियान का व्यापक प्रचार प्रसार कराने तथा दो अक्तूबर को स्वच्छता अभियान उत्सव मनाने के निर्देश दिए हैं। विकास भवन के स्वर्ण जयंती सभागार में संपूर्ण स्वच्छता अभियान के अंतर्गत निर्मल भारत अभियान को लेकर जिला स्वच्छता समिति की बैठक की गई। मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई बैठक में उन्होंने निर्मल ग्राम पंचायतों में स्वच्छता अभियान तेजी से चलाने के निर्देश दिए। सीडीओ ने निर्देश दिए कि शौचालयों के निर्माण में किसी प्रकार की अनियमितता नहीं की जाए और योजना का क्रियान्वयन गुणवत्ता परक हो।
संपूर्ण स्वच्छता अभियान के निर्मल भारत अभियान मेें व्यक्तिगत शौचालय, स्कूल, आंगनबाड़ी तथा सामुदायिक शौचालय व कांप्लेक्स के निर्माण का कार्य लक्ष्य के अनुसार किया जाए। जिसमें किसी प्रकार की कोताही बरतने पर कार्रवाई की जाएगी। एपीएल परिवार में शौचालय निर्माण को बढ़ावा देते हुए उनको स्वयं के स्रोतों से संपूर्ण स्वच्छता अभियान के अंतर्गत प्रेरकों के माध्यम से शौचालयों का निर्माण कराने के निर्देश दिए हैं। सीडीओ ने निर्मल भारत अभियान का व्यापक स्तर से प्रचार व प्रसार करने की नसीहत देते हुए व्यापक प्रचार प्रसार हेतु दो अक्तूबर को स्वच्छता अभियान उत्सव मनाने का फैसला किया गया।
डीपीआरओ दया शंकर सिंह ने निर्मल भारत अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही संबंधित विभागों के अफसरों को स्वच्छता अभियान में सहयोग देने की अपील की। बैठक में सीएमओ डॉक्टर अनुराग भार्गव, पीडी शंकर लाल त्रिपाठी, एई एमआई शैलेंद्र सिंह, डीपीओ प्रकाश कुमार, बीएसए समेत कई अधिकारी व समिति के सदस्य मौजूद रहे।