हरदोई/बिलग्राम। कोतवाली क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध हालातों में मौत हो गई। युवक मंगलवार की शाम बाइक से अपनी बहन बहनोई को छोड़ने गया था और उसके बाद लौट कर नहीं आया। बुधवार की सुबह उसका गांव के बाहर शव पाया गया, पास ही उसकी मोटर साइकिल पड़ी थी। हालांकि पुलिस इसे हादसा बता रही है, लेकिन परिजन मौत पर संदेह जता रहे हैं।
बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के बिरौरी निवासी सुभाष (32) सरदार इंटर कालेज बिलग्राम में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात था। मंगलवार की शाम वह मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के तेंदुआ निवासी अपनी बहन शिवदेवी व बहनोई रामकिशन को बाइक से सदरपुर छोड़ने गया था। उसके बाद लौट कर नहीं आया। परिजनों ने खोजबीन भी की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। बुधवार की सुबह गांव से दूर सड़क के किनारे एक तालाब में सुभाष का शव पड़े होने की सूचना मिली तो परिजन दौड़ते हुए मौके पर पहुंच गए। सुभाष के शव के पास ही उसकी मोटर साइकिल व मोबाइल भी पड़ा था। उसके शरीर पर चोटों के निशान थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में ले लिया।
कोतवाल अशोक कुमार सिंह ने बताया कि किसी तरह बाइक अनियंत्रित हो जाने से हादसा हो गया और उसकी मौत हो गई। उधर, सुभाष के परिजन गांव के ही दो युवकों पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। उनका कहना था कि कुछ दिन पूर्व उन्हीं दोनों लोगों से उसका गालीगलौज हो गया था और उसी की खातिर उन लोगंों ने उसकी हत्या कर दी। पुलिस मामले की जांच करने की बात कह रही है। उधर, पोस्टमार्टम में उसकी मौत का कारण लिवर फटना आया है।
इंसेट
बच्चे करते रहे इंतजार
हरदोई। जाने वह कौन की घड़ी थी जब संगीता ने अपने पति सुभाष को घर से विदा किया था। संगीता और उसके दोनों पुत्रियां उसके लौटने का इंतजार कर रहे थे। लेकिन उन्हें क्या पता था कि सुभाष ननद ननदोई के साथ नहीं दुनिया से ही चला गया है। बुधवार की सुबह जब घटना की सूचना घर पहुंची तो घर में कोहराम मच गया।