हरदोई। गुणवत्ताविहीन संपर्क मार्ग बनवाने पर व्यय हुई धनराशि की वसूली करने के निर्देशों का पालन न होने पर अब तकनीकी जांच के आदेश जारी हो गए, जिससे अब संपर्क मार्ग में कई खामियां भी सामने आ सकती हैं। उपायुक्त श्रम एवं रोजगार ने डीआरडीए के सहायक अभियंता को जांच सौंपते हुए संपर्क मार्ग की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
विकास खंड बेहंदर के ग्राम दुलारपुर में बनाए गए संपर्क मार्ग में मानक के अनुरूप सामग्री का प्रयोग न करने पर धनराशि के दुरुपयोग की कार्रवाई के आदेश दिए गए, पर अभी तक गबन की गई धनराशि की वसूली नहीं की गई। जिसको लेकर अब उपायुक्त मनरेगा ने संपर्क मार्ग की तकनीकी जांच के आदेश दिए हैं। ज्ञात हो कि गांव में बनाए गए संपर्क मार्ग का निर्माण उपायुक्त श्रम एवं रोजगार ने निरीक्षण किया। गांव में बरसाती के घर से भक्तन बाबा तक निर्मित कराए गए संपर्क मार्ग में सामग्री का दुरुपयोग मिला। आयुक्त ने सामग्री में मानकों का पालन न करने और संपर्क मार्ग पर 95 हजार रुपये का व्यय दिखाने पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
राशि का दुरुपयोग करने के मामले में उन्होंने प्रधान, ग्राम पंचायत अधिकारी और तकनीकी सहायक से 95 हजार रुपये का तीन बराबर-बराबर हिस्सोें में बांट कर वसूली करने के निर्देश बीडीओ को दिए, पर बीडीओ ने अभी तक गबन की वसूली नहीं की। जिसको लेकर ही अब उपायुक्त श्रम एवं रोजगार अनिल सिंह ने संपर्क मार्ग की तकनीकी जांच करने के निर्देश जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के सहायक अभियंता राजेश सिंह को देते हुए रिपोर्ट मांगी है, ताकि संपर्क मार्ग में बरती गई अन्य अनियमितताओं पर भी कार्रवाई की जा सके।