बिलग्राम। मुरौली ग्वाल के ग्राम प्रधान पर ग्रामीणों ने कालोनियों का पैसा हड़पने, भ्रष्टाचार व अनियमितता करने का आरोप लगा तहसील दिवस में एसडीएम का घेराव कर मामले की जांचकर कार्रवाई की मांग उठाई। एसडीएम ने बीडीओ को एक सप्ताह में पूरी जांचकर उन्हें आख्या मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं।
तहसील सभागार में सुनवाई कर रहे एसडीएम पीपी तिवारी को मुरौली ग्वाल गांव के दो दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने आकर घेराव कर दिया। गांव की पुष्पा की अगुवाई में आए हरिश्चंद्र, तेजपाल, शिवमोहन, बाबूराम, शिवकुमार, रामनिवास आदि ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि गांव की प्रधान व उनके पति ने गांव में कई योजनाओं में भ्रष्टाचार कर गरीबों के हक पर कुठाराघात किया है। उन्होंने सड़क, तालाब, मनरेगा जैसे विकास कार्यों में गरीबों का शोषण किया है।
साथ ही लगभग डेढ़ दर्जन के आसपास आवासों के लिए पात्रों से 15 से 20 हजार रुपये की वसूली कर धन हड़प लिया और किसी को कोई लाभ बिना धन लिए नहीं दिया जाता है। एसडीएम ने समयबद्ध ढंग से बीडीओ को मामले की जांच देकर निर्देश दिए और मामले की आख्या की प्रति उन्हें मुहैया कराने को कहा। एसडीएम ने आश्वासन दिया कि जांच में गुणदोष के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उधर, तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि तहसील दिवस में कुल 13 प्रार्थना पत्र आए, जिसमें तीन का मौके पर निस्तारण भी किया गया है।