हरदोई। जिले की बिगड़ती कानून व्यवस्था, वकीलों और उनके परिजनोें से हुई लूट के मामलोें का अभी तक खुलासा न होने पर वकीलों ने सोमवार को सीएम को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। वहीं इस दौरान कोतवाली देहात व शहर के प्रभारी निरीक्षक भी मौजूद थे।
अधिवक्ता संघ अध्यक्ष रामप्रताप सिंह यादव व महामंत्री रामदेव शुक्ला के नेतृत्व में वकीलों ने सोमवार को डीएम रमेश मिश्रा से मिलकर उन्हेें ज्ञापन सौंपा। जिसमें कहा कि जिले में आपराधिक घटनाआेें में लगातार वृद्धि हो रही है। पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता व उदासीनता व विफलता पर लोगों में आक्रोश है। वकीलों ने शहर में चेन स्नेचिंग की बढ़ती घटनाओं और वकीलों के परिजनों से हुई लूट की घटनाओं का खुलासा न होने पर नाराजगी व्यक्त की। वकीलों ने डीएम को अवगत कराया कि सरकारी वकील राकेश अग्निहोत्री की पत्नी से 81 हजार की लूट, शशिभूषण शुक्ला की मां की लूटी गई सोने की चेन, दिवंगत वकील पीसी मिश्रा की पत्नी से 2 लाख रुपये के जेवरों की लूट तथा वकील केके सिंह के साथ हुई चेन स्नेचिंग की घटना के प्रयास के मामले मेें नहीं खुले।
वकीलों ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि पुलिस की कार्यशैली पर प्रश्न चिन्ह लग रहे हैं और अवांछनीय व अराजक तत्व पुलिस की सह पर बेखौफ घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। वकीलों ने शहर में पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा शहर में चल रहे जगह जगह जुएं के अड्डों को बंद कराने की मांग की। वकीलों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द कानून व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तथा घटनाओं को खुलासा न हुआ तो वकील हड़ताल पर जाने को विवश होंगे। अधिवक्ता संघ ने सीएम, गवर्नर और डीजीपी को ज्ञापन की प्रतियां प्रेषित की। वहीं डीएम रमेश मिश्रा ने वकीलों की मांगों के बाबत शहर कोतवाल नागेश मिश्रा तथा देहात कोतवाल परशुराम सिंह को निर्देश दिए कि कानून व्यवस्था चुस्त दुरुस्त की जाए और अपराधियों की धरपकड़ कर अवांछनीय व अराजक तत्वों के खिलाफ सख्ती से पेश आया जाए। इस दौरान संघ पदाधिकारी समेत बड़ी संख्या में वकील मौजूद थे।