हरदोई। सुरसा थाना क्षेत्र के सेमरा चौराहा स्थित अंग्रेजी शराब की दुकानों पर लखनऊ और जिले की आबकारी टीम ने संयुक्त रूप से छापामारी की। टीम को दुकानों में बड़ी मात्रा में हरियाणा की शराब मिली। जिला आबकारी अधिकारी राकेश अग्रवाल ने बताया कि बरामद शराब की जांच पड़ताल की जा रही है।
सुरसा थाना क्षेत्र में सेमरा चौराहा के निकट जिला पंचायत सदस्य की शराब की दुकानें हैं। बुधवार की देर शाम लखनऊ और जिले की आबकारी विभाग की टीम ने दुकान में छापा मारा। टीम को दुकान में हरियाणा से लाई गई प्रतिबंधित शराब के काफी पाउच मिले। टीम ने शराब को कब्जे में ले लिया। दो सेल्समैन को भी हिरासत में ले लिया। टीम ने बरामद शराब के बारे में पूछताछ शुरू कर दी। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि दुकानें जिला पंचायत सदस्य की है। मामले की जांच पड़ताल कर कार्रवाई की जाएगी।