हरदोई। रेलवे स्टेशन पर दोपहर को उस वक्त हड़कंप मच गया जब मालगाड़ी गार्ड वैगन सहित दो डिब्बों को छोड़ कर स्टेशन पहुंच गई। डाउन रूट पर शाहजहांपुर की ओर से आ रही मालगाड़ी का पिहानी गेट के पास कपलिंग टूट गई, जिससे डिब्बे व गार्ड वैगन वहीं रुक गए। गार्ड की सूचना पर स्टेशन पर ट्रेन रुकवा डिब्बे मंगवाए गए। मैकेनिकों द्वारा कपलिंग की मरम्मत के बाद शाम को मालगाड़ी रवाना की गई।
शाहजहांपुर से लखनऊ जा रही मालगाड़ी की कपलिंग टूटने से शुक्रवार की दोपहर को बड़ा हादसा टल गया। दोपहर पौन दो बजे लखनऊ जिप्सम लेकर जा रही मालगाड़ी जैसे ही हरदोई स्टेशन से कुछ दूरी पहले पिहानी गेट क्रासिंग पर पहुंची, तभी तेज झटके से कपलिंग टूट गई। सबसे पीछे के दो डिब्बे, गार्ड व ब्रेक वैगन को पिहानी गेट पर ही छोड़ते ही मालगाड़ी आगे निकल गई। अचानक झटके से मालगाड़ी रुकने से गार्ड केबिन से बाहर आए तो उन्हें कपलिंग टूटने की जानकारी हुई। उन्होंने रेलवे स्टेशन को सूचना दी। स्टेशन मास्टर के पास सूचना पहुंचते ही हड़कंप मच गया और मालगाड़ी को रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया।
स्टेशन अधीक्षक रामरतन ने बताया कि गार्ड से संपर्क करने के बाद करीब 2:35 बजे मालगाड़ी के इंजन से ही गार्ड व ब्रेक वैगन तथा दो डिब्बे स्टेशन लाए गए, जहां कपलिंग की मरम्मत के बाद डिब्बे व वैगन को जोड़कर शाम सवा छह बजे मालगाड़ी को रवाना किया गया। ज्ञात हो कि पिहानी गेट पर डिब्बों के खड़े होने से त्रिवेणी एक्सप्रेस भी करीब एक घंटा लेट हो गई। स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि जानकारी अफसरों को दे दी गई है।