हरदोई। रेलवे अधिनियमों का उल्लंघन कर ट्रेन में यात्रा करने वाले यात्रियों पर बुधवार को मजिस्ट्रेट बैच के जांच की गाज गिर गई। कौढ़ा रेलवे स्टेशन पर बरेली कोर्ट के मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में अधिकारियों, पुलिस व आरपीएफ बल के साथ सुबह होते ही आधा दर्जनों ट्रेनों को चेक किया गया। रेलवे अधिनियम के विरुद्ध यात्रा करने वालों पर अर्थदंड की कार्रवाई हुई, जबकि शमन शुल्क न देने पर हिरासत में लेकर सजा दी गई।
हरदोई स्टेशन के नजदीक कौढ़ा रेलवे स्टेशन पर सुबह होते ही बरेली रेलवे कोर्ट में मजिस्ट्रेट बलराज सिंह के नेतृत्व वाली टीम ने ट्रेनों में चेकिंग शुरू कर दी। मुरादाबाद के मुख्य टिकट निरीक्षक सतीश बाबू व हरदोई मुख्य टिकट निरीक्षक विनीत कुमार शर्मा ने टीम के साथ अप तथा डाउन दिशा में जाने वाली रनथ्रू सहित अन्य ट्रेनों की चेकिंग की। जिनके साथ हरदोई, बरेली व मुरादाबाद के 21 टीटीई, आरपीएफ के 11, जीआरपी के नौ तथा सिविल पुलिस के सिपाहियों ने ट्रेनों में चेकिंग की। चेकिंग के दौरान नान स्टाप ट्रेनों में न्यू फरक्का एक्सप्रेस, शहीद एक्सप्रेस तथा समर स्पेशल ट्रेन के अतिरिक्त स्टेशन पर रूकने वाली ट्रेनों में मुगलसराय एक्सप्रेस, पंजाब मेल, बनारस बरेली एक्सप्रेस, किसान एक्सप्रेस में चेकिंग की। मजिस्ट्रेट चेकिंग में बिना टिकट यात्रा, स्लीपर क्लास में बैठने वाले सामान्य टिकट वाले यात्रियों समेेत तमाम ऐसे रेलवे अधिनियमों का पालन न करने वाले ऐसे 151 यात्रियों को पकड़ा गया। इनमें 52 लोग बिना टिकट यात्रा करते हुए पकड़े गए, जिनसे 20 यात्रियों को मौके पर ही अर्थदंड वसूला गया। जबकि 32 लोेगों को सुनवाई के हरदोई भेजा गया। सामान्य श्रेणी का टिकट खरीद कर स्लीपर में बैठकर यात्रा करने वाले 99 यात्री धरे गए। पकड़े गए सभी यात्रियों से कुल 40755 रूपये अर्थदंड वसूला गया। ट्रेनों में चेकिंग से यात्रियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
अनधिकृत पेयजल सामग्री जब्त की
हरदोई। मजिस्ट्रेट बैच की चेकिंग के दौरान रेलवे स्टेशन हरदोई पर अनधिकृत ढंग से पेयजल सामग्री मिलने पर जब्त कर लिया गया। कौढ़ा रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के बाद अधिकारी जब हरदोई रेलवे स्टेशन सुनवाई करने आए तो इस दौरान रेलवे स्टेशन की कैंटीनों पर अनधिकृत कंपनी की पानी की बोतलें, मैंगो जूस व शीतल पेय पदार्थ की बिक्री होते पाया। इस पर अधिकारियों ने पानी की बोतलों के 21 गत्ते, मैंगो जूस के तीन गत्ते, शीतल पेयजल सामग्री के छह गत्ते तथा एक खाली ड्रम को जब्त कर लिया।