पिहानी (हरदोई)। कोटरा गांव में जारी समर वैकेशन कप क्रिकेट प्रतियोगिता में हरदोई और चांद क्लब पिहानी के बीच रोमांचक भिड़ंत हुई। पिहानी ने हरदोई को एक विकेट से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। मैन आफ द मैच पिहानी के अभय रहे, जबकि मैन आफ द सीरीज का खिताब हरदोई के अंकुर को मिला।
एमसीसी ग्राउंड कोटरा पर हुए फाइनल मुकाबले में हरदोई ने टास जीता और पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। जूबी ने 38 रन की आकर्षक पारी खेली। अंकुर ने बीस और विवेक ने 14 रन जोड़े । पूरी टीम बीस ओवर में 127 रन बनाकर आउट हो गई। पिहानी की ओर से शबील, हफीज और अभय ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पिहानी टीम के कप्तान गुड्डू आफरीदी के कुशल नेतृत्व में खिलाड़ियोें ने बल्लेबाजी के शानदार नमूने दिखाए। अभय ने तेज अर्द्धशतक जमाया और 54 रन का योगदान दिया।
गोलू और हफीज ने तेरह-तेरह रन जोड़ते हुए टीम को जीत के करीब किया। इस तरह से पिहानी ने यह खिताबी मुकाबला एक विकेट से जीत लिया। विजेता टीम को आयोजक कमेटी ने 3100 रुपये का नगद पुरस्कार व कप प्रदान किया। उपविजेता टीम को 2100 रुपये व कप भेंट किए। मैच के अंपायर रमाकांत तिवारी व लालू सिंह थे। कमेंट्री राजेश सिंह ने की। शानदार प्रदर्शन के लिए पिहानी के अभय को मैन आफ द मैच व हरदोई के अंकुर को प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन पर मैन आफ द सीरीज के खिताब से नवाजा गया।