हरदोई। बेसिक शिक्षा विभाग में खींचतान से मिड-डे मील की एक करोड़ की धनराशि विभाग को वापस करनी पड़ी। इससे जहां संस्थाओं को व एसएफसी का भुगतान अटक गया। डीएम ने इस पर बीएसए को फटकार लगाते हुए जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए आख्या मांगी है।
बेसिक शिक्षा विभाग का मिड-डे मील प्रकोष्ठ ही पूरे जिले में मिड-डे मील योजना का क्रियान्वयन करता है। जिले में कक्षा एक से 8 तक के बच्चोेें को भोजन मुहैया कराने की योजना संचालित है। जिसमें परिषदीय, अशासकीय सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूल, इंटर कालेज, जीआईसी आदि शामिल हैं। विभाग ने बच्चों को भोजन मुहैया कराने की जिम्मेदारी स्वयं सेवी संगठनों को सौंप रखी है। वर्तमान में चार संस्थाएं भोजन मुहैया करा रही हैं। इन सभी का माह अप्रैल 13 से जनवरी 14 तक की कनवर्जन कास्ट की 55 लाख 48 हजार रुपये का भुगतान होना था, जिसमें माश्रिता सेवा संस्थान को 10,71,851 रुपये, सुगंध सेवा संस्थान को 26,35,391, बाला जी महाराज ग्रामोद्योग संस्थान कानपुर को 95551.88 रुपये।
प्रकाश शिक्षा एवं समाज सेवा संस्थान कानपुर को 14,14,096 रुपये का भुगतान किया जाना था। इसके लिए एसएफसी को परिवहन व्यय में 44 लाख 55 हजार रुपये व्यय करने थे। इसके लिए विगत एक माह से विभागीय अफसरों और संस्थाओं के बीच वार्ता चल रही थी। जिसके भुगतान के प्रयास चल रहे थे, पर विभागीय जिम्मेदारों और संस्था संचालकों के बीच समझौता नहीं हो सका। इससे 31 मार्च तक उनका भुगतान नहीं किया जा सका। इस पर विभाग को सारी धनराशि वापस करनी पड़ी। जानकारी डीएम ऋषिकेश भास्कर यशोध को हुई तो उन्होंने बीएसए डा. वीके शर्मा को फटकार लगाते हुए धनराशि के समर्पण करने को जिम्मेदारों के विषय में स्पष्ट टिप्पणी लिखते हुए आख्या तलब की है।
उधर, संस्थाओं के भुगतान के बाबत एक अफसर ने तीन बार आख्या बदल डाली। सबसे पहले लिखा कि संस्था को भुगतान कर दिया जाए। फिर लिखा, संस्थाओं को भुगतान न करके धनराशि समर्पित कर दी जाए। अंत में फिर लिखा, संस्था को भुगतान कर दिया जाए। इस बाबत बीएसए डा. वीके शर्मा ने बताया कि संस्थाओं को भुगतान नहीं हो सका। किस कारण भुगतान नहीं हुआ। इस पर उन्होंने जवाब नहीं दिया।