बिलग्राम (हरदोई)। नगर चौराहा स्थित बाबा मंशानाथ मंदिर के निकट इलेक्ट्रानिक्स की दुकान में बीती रात आग लग गई, जिसमें लाखों का नुकसान हो गया। जले सामान की कीमत चार लाख से ज्यादा बताई जा रही है। सूचना पर पुलिस व राजस्व विभाग ने घटना की जांच की।
कटरा हैदराबाद निवासी अमित प्रकाश मौर्य की बाबा मंशानाथ मंदिर के सामने इलेक्ट्रानिक्स की दुकान है। बीती रात साढ़े आठ बजे दुकान बंद करके घर चले गए। सुबह पौने छह बजे आसपास के दुकानदारों ने मोबाइल पर सूचना दी कि उसकी दुकान से धुआं निकल रहा है। इस पर तत्काल दुकान पहुुंचे। दुकान खोलने पर देखा कि सामान जल चुका है और कुछ सामान सुलग रहा है। जिस पर पानी डालकर आग पर काबू पाया। घटना से दुकान के आसपास भीड़ लग गई। अमित ने बताया कि बिक्री के लिए रखे 30 टेलीवीजन सेट, 20 से ज्यादा डिश टीवी एंटीना, 20 हजार की सोलर प्लेट, स्टेबलाइजर, अन्य सामान, पुर्जे आदि जलकर राख हो गए।
कुछ ग्राहकों के टेलीविजन सेट मरम्मत के लिए आए थे, वह भी जल गए। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक श्याम बहादुर सिंह के अलावा तहसीलदार की ओर से नगर के लेखपाल रामप्रताप ने भी घटना का निरीक्षण करने के बाद बताया कि अग्निकांड से दुकान स्वामी का चार लाख से ज्यादा का नुकसान होने की संभावना है। संभावना जताई गई कि आग या तो शार्ट सर्किट से अथवा किसी अन्य वजह से लगी है। उधर, दुकानदार के नुकसान पर लोगों ने प्रशासन से सरकारी सहायता देनी की मांग की है।