हरदोई। सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद नरेश अग्रवाल का एक अक्तूबर को जन्मदिन है। ऐसे में पीडब्लूडी मंत्री शिवपाल सिंह यादव सहित तमाम नेताओं एवं वीआईपी के हरदोई आने की संभावना हैं। शहर में आधा दर्जन प्रमुख मार्ग ऐसे हैं जिनमें यातायात ठहर रहा है, पर विभाग को न तो इन सड़कों की फ्रिक हैं और न ही इससे परेशान लोगों की।
ज्ञात हो कि फर्रुखाबाद पहुंचे पीडब्ल्यूडी मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने सड़कों की खस्ता हालत देख वहां के इंजीनियरों पर गाज गिराई है, जिससे यहां भी खलबली मची है। सबसे व्यस्त कचहरी परिसर की सड़क का हाल बहुत खराब है। यह सड़क आनंद सिनेमा तक तो बन गई है, पर रजिस्ट्री कार्यालय तिराहे से कोषागार एवं विकास भवन तिराहे तक खस्ताहाल है। एसपी आफिस तिराहे से अस्पताल रोड तिराहे तक की सड़क खस्ता हाल है। इसके साथ ही डायट के सामने नघेटा रोड पर गड्ढे हैं, जिससे इन सड़कों पर पिछले कई दिनों से पानी भरा हुआ है।
इसके अलावा सांडी-बिलग्राम चुंगी सरकुलर, बिलग्राम रोड, रद्धेपुरवा मार्ग, सोल्जर बोर्ड के पास और सिनेमा चौराहे के पास एवं लखनऊ रोड, शाहाबाद रोड, पिहानी रोड आदि की सड़कें काफी खराब हैं। इन सड़कों में जगह जगह गड्ढे हो गए हैं, जिससे यातायात सिसक रहा है। इसके बाद भी जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि सड़कों की मरम्मत के नाम पर लाखों की धनराशि में खेल कर दिया गया। इसके अलावा शहर की कई सड़कों के किनारे फुटपाथ खुदे पड़े हैं।