हरदोई। जिले में जांच के बाद फर्जी पाए गए 97 शिक्षकों से वसूली के लिए नोटिस व आरसी जारी करने की तैयारियां शुरू हो गईं हैं। बीएसए ने बताया कि पहले नोटिस देकर धनराशि जमा करने का अंतिम अवसर दिया जाएगा, इसके बाद आरसी जारी कर दी जाएगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव ने बताया कि बताया कि मंगलवार को हरियावां, टोडरपुर, अहिरोरी, भरखनी, बिलग्राम, भरावन ब्लाकों में फर्जी पाए गए 41 शिक्षकों से होने वाली वसूली की तैयार की गई है। जिसमें 10 हजार बीटीसी शिक्षक भर्ती में 25 फर्जी शिक्षकों से एक करोड़ 14 लाख 61 हजार 868 रुपये, 29344 शिक्षक भर्ती में आठ शिक्षकों से 38370, आगरा विश्वविद्यालय के बीएड फर्जी प्रमाण पत्र लगाने वाले आठ शिक्षकों से 2 करोड़ 97 लाख 31 हजार 920 रुपये की राशि की वसूली की जानी है। इन छह ब्लाकों के 41 फर्जी शिक्षकों से कुल चार करोड़ 12 लाख 32 हजार 128 रुपये की वसूली की जाएगी। इससे पूर्व जारी वसूली की सूची में 11 ब्लाकों से 53 फर्जी शिक्षक मिले हैं, जिन पर चार करोड़ 48 लाख 75 हजार 416 रुपये की वसूली तैयार की गई है। शेष तीन शिक्षकों की रकम की गणना अभी हो रही है। सभी के लिए नोटिस दी जा रही हैं। इसके बाद 15 दिन का समय दिया जाएगा। वसूली न होने पर आरसी जारी करवाई जाएगी।