कोतवाली क्षेत्र के गांव चाऊपुर हौज निवासी एक किसान को टेंपो चालक और उसके साथी ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाया और उनकी जेब में रखे 96 हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद बेहोशी की हालत में किसान को हजारा नहर के पास किनारे फेंक कर भाग गए। बृहस्पतिवार की सुबह होश आने पर किसान ने अपने परिवार वालों और पुलिस को सूचना दी।
गांव चाऊपुर हौज निवासी किसान रघुराज सिंह पुत्र मोहर सिंह पशुपालन भी करते हैं। बुधवार को वह जिला बदायूं के जुनामई कस्बे में लगने वाली पशु पैंठ से भैंस खरीदने जा रहे थे। रामघाट कल्याण मार्ग पर राजकीय डिग्री कॉलेज के निकट वह जुनामई जाने के लिए जिरौली धूमसिंह तक के लिए टेंपो में बैठ गए।
रघुराज सिंह ने बताया कि जिरौली में सवारियां उतारने के बाद टेंपो चालक किराए पर उन्हें जुनामई तक ले जाने के लिए तैयार हो गया। नरौरा चौराहे के पास टेंपो चालक ने एक दुकान से कोल्ड ड्रिंक ली। उसमें से एक गिलास में उन्हें भी दी। कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद वह बेहोश हो गए। इसके बाद बृहस्पतिवार की सुबह उन्हें होश आया तो वह हजारा नहर के पास पड़े थे। उनकी जेब में रखे 96 हजार रुपये गायब थे। जैसे-तैसे वह अपने घर पहुंचे और परिजनों को आपबीती बताई। कोतवाली पुलिस ने घटना नरौरा की बताते हुए उन्हें नरौरा के थाने में शिकायत करने की बात कहते हुए भेज दिया।