हरदोई। जिला महिला चिकित्सालय में नवजात की मौत के बाद भी रुपये मांगे जाने का आरोप लगाकर प्रसूता के पति ने हंगामा कर दिया। जानकारी पर पहुंचे कार्यवाहक सीएमएस ने लिए गए रुपये आशा से वापस कराए तब मामला शांत हुआ।
शहर कोतवाली क्षेत्र के तत्यौरा निवासी अखिलेश की पत्नी सुधा (28) गर्भवती थी। गुरुवार सुबह प्रसव पीड़ा होने पर सुधा को महिला चिकित्सालय ले जाया गया। अखिलेश के मुताबिक दोपहर में लगभग ढाई बजे आशा ने बताया कि लड़की हुई है और अंदर 2000 रुपये मांगे जा रहे हैं। इस पर अखिलेश ने 1500 रुपये दे दिए। कुछ देर बाद अखिलेश को बताया गया कि नवजात की मौत हो गई है।
इस पर वह नवजात का शव लेकर अंतिम संस्कार करने चला गया। वहां से वापस आने पर उससे 250 रुपये धागा के लिए और 100 रुपये सफाई के लिए मांगे गए तो वह बिफर पड़ा। सूचना पर कार्यवाहक सीएमएस डाॅ. सुबोध मौके मौके पर पहुंचे। इसके बाद अखिलेश को 1500 रुपये वापस दिलाए गए। इसके बाद मामला शांत हुआ। (संवाद)