हरदोई। जिले में मनरेगा उपायुक्त समेत 96 संक्रमित और मिले हैं। इसके साथ ही जनपद में कुल संक्रमित 3604 हो गए हैं। एक्टिव केस 780 हैं। 2766 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। अब तक 51 लोगों की मौत हुई है।
सीएमओ कार्यालय से जारी सूची के मुताबिक मनरेगा उपयुक्त (50) संक्रमित मिले हैं। सीडीओ के पीए (47) और क्राइम ब्रांच के प्रभारी निरीक्षक (54) भी संक्रमित मिले हैं। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण कार्यालय के दो कर्मचारियों (29) और (34) की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय में तैनात एक कर्मचारी (40) भी संक्रमित है। शहर के मोहल्ला आजाद नगर निवासी एक ही परिवार की दो युवतियां संक्रमित हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन के कार्यालय में तैनात एक कर्मचारी (30) भी संक्रमित मिला है। शाहाबाद के मोहल्ला बरुआ बाजार निवासी एक ही परिवार के चार लोग संक्रमित हैं।
सुरसा विकास खंड के ग्राम हुसियापुर निवासी एक ही परिवार के पांच लोग संक्रमित हैं। ग्राम लमकन में एक ही परिवार के दो लोग चपेट में आए हैं। सिकंदरपुर निवासी एक ही परिवार के दो लोग संक्रमित मिले हैं। बिलग्राम म्योरा निवासी एक ही परिवार के चार लोग संक्रमित हैं। मल्लावां कोतवाली में तैनात चार उपनिरीक्षक सहित कुल आठ लोग संक्रमित मिले हैं। सोमवार को एंटीजन किट से हुई जांच में कोतवाली के चार उपनिरीक्षक, दो सिपाही एक ग्राम विकास अधिकारी और मोहल्ला मोहिउद्दीनपुर निवासी महिला पॉजिटिव मिली है। सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद मिश्रा ने बताया कि जो महिला संक्रमित है, उसे प्रसव के लिए भर्ती किया गया था। प्रसव कक्ष को सील कर दिया गया है। प्रसव कक्ष मंगलवार को बंद रहेगा और बुधवार को खुलेगा।
दो दिन बंद रहेगी कचहरी
न्यायालय परिसर में चार लोग संक्रमित मिले हैं। दस सितंबर को सिविल कोर्ट कंपाउंड में कोरोना की जांच के लिए सैंपलिंग हुई थी। इसमें न्यायालय की महिला कर्मचारी के अलावा एक अधिवक्ता और दो मुंशी संक्रमित मिले हैं। जिला जज एसएएच रिजवी ने उच्च न्यायालय की गाइड लाइन के तहत दो दिन के लिए सिविल कोर्ट बंद रखने का आदेश जारी किया है। 15 और 16 सितंबर को सिविल कोर्ट पूरी तरह बंद रहेगा। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह ने अधिवक्ताओं से अपील की कोई भी बेवजह कचहरी परिसर में न आए। अति आवश्यक मामलों की सुनवाई उच्च न्यायालयों में ऑनलाइन हो सकेगी।