महज 13 दिनों में 9 लोगों ने दे दी कोरोना को मात - 16 व 17 मई को पॉजिटिव मिले 9 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव अमर उजाला ब्यूरो हरदोई। गुरुवार देर रात राहत भरी खबर आई ।जनपद के नौ कोरोना मरीज स्वस्थ हो गए हैं। गुरुवार देर रात इनकी लगातार दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आ गई ।इसके बाद स्वास्थ्य महकमे ने इन्हें घर भेजने की तैयारी शुरू कर दी। अब इन सभी नौ मरीजों को कोविड-19 अस्पताल से छुट्टी देकर 7 दिन के लिए होम क्वारेन्टीन किया जाएगा। इसके साथ ही जनपद में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या घटकर 34 हो गई है। बीती 16 मई को जनपद में एक साथ सात लोगों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया था । यह सभी प्रवासी श्रमिक थे। इनमें एक महिला भी शामिल थी। बावन में स्थित कोविड-19 अस्पताल में इन सभी का उपचार किया जा रहा था। इन सभी की तीसरी जांच के लिए रिपोर्ट बीते बुधवार को भेजी गई थी। गुरुवार देर रात इन सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इनमें संडीला के ग्राम गौसा निवासी 25 वर्षीय महिला, संडीला के ग्राम सेवलमऊ निवासी 29 वर्षीय युवक के अलावा शाहबाद के दिलावरपुर निवासी 35 वर्षीय युवक को , कुसली निवासी 21 और 33 वर्षीय युवक के अलावा भरखनी विकासखंड के कमालपुर निवासी 30- 30 वर्ष के दो युवक भी शामिल हैं। इससे इतर 17 मई को पॉजिटिव पाए गए पाली कस्बे के मोहल्ला बिरहाना निवासी 26 वर्षीय युवक के साथ ही बिहार जनपद के समस्तीपुर निवासी 26 वर्षीय युवक की रिपोर्ट भी निगेटिव आ गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एस के रावत ने बताया कि पूर्व में पॉजिटिव पाए गए लोगों में से 11 लोगों की तीसरी जांच के लिए नमूना बुधवार को लखनऊ मेडिकल कॉलेज भेजा गया था। गुरुवार देर रात आई रिपोर्ट में इनमें से नौ निगेटिव पाए गए हैं ,जबकि दो अभी भी पॉजिटिव हैं। जो 9 लोग नेगेटिव पाए गए हैं। उन सभी को एंबुलेंस से उनके घरों को भेजा जा रहा है । यह सभी अगले सात दिन के लिए होम क्वारेन्टीन रहेंगे।