अलग-अलग यूपीआई पर ट्रांसफर कर लेता था धन
साठ मोबाइलों की कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस ने धन्नूपुरवा निवासी ज्ञानेंद्र, कौथेलिया निवासी अजीत और बहेड़ा रसूलपुर निवासी रामसुमिरन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि इनका मास्टर माइंड रामसुमिरन है। राम सुमिरन मोबाइल नंबर पोर्ट करा लेता था और ओटीपी पूछकर यूपीआई बना लेता था। इसके बाद अपनी अलग-अलग यूपीआई पर धन ट्रांसफर कर लेता था।
खुलासा करने वाली टीम में ये लोग रहे शामिल
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी नृपेंद्र ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ़्तार कर लिया गया है। इनमें राम सुमिरन बीकॉम तक पढ़ा है, ज्ञानेंद्र आठवीं पास है, जबकि अजीत हाईस्कूल तक पढ़ा है। खुलासा करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक वहीद अहमद, निरीक्षक अरविंद राय, सिपाही तरुण कुमार शर्मा, दीवान सतीश अवस्थी, अजय सिंह, प्रमोद कुमार शामिल रहे।
52 मोबाइल नंबर करा लिए थे पोर्ट
साइबर थाने के प्रभारी निरीक्षक वहीद अहमद ने बताया कि ज्ञानेंद्र ने अपने आधार कार्ड का इस्तेमाल कर ही 52 मोबाइल नंबर पोर्ट करा लिए थे। अश्लील फोटो वायरल किए जाने की जांच के दौरान ज्ञानेंद्र का पता चला और इसके बाद कड़ी से कड़ी जुड़ती चली गई। इन लोगों ने कितने लोगों से ठगी की है, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। फौरी तौर पर बाबूराम के खाते से निकले 2,78,360 रुपये में से एक लाख रुपये उनके खाते में वापस करा दिए गए हैं। बाकी रुपयों पर होल्ड लगा दिया गया है, जो वापस आ जाएंगे।