फोटो-29- बाबा मंदिर चौराहा के पास विद्युत केबल में लगी। संवाद
हरदोई। आंधी-पानी का असर जिले की बिजली आपूर्ति पर पड़ा है। आंधी के कारण 89 विद्युत पोल व लाइन क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं तीन ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हो गए। इससे शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों की आपूर्ति प्रभावित है। कई क्षेत्रों में अभी भी आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। बिजली कर्मी आपूर्ति बहाल करने का प्रयास कर रहे हैं।
बुधवार को आंधी-पानी के कारण विद्युत वितरण खंड शहर के इटौली व हरिहरपुर उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्र में 50 विद्युत पोल व लाइन और तीन ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए। इससे क्षेत्र की आपूर्ति प्रभावित है। वहीं शहर के गुरगुज्जा उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्र की आपूर्ति लाइन पर काम होने के कारण 12 से चार बजे तक प्रभावित हुई। वहीं विद्युत उपकेंद्र सांडी रोड की आपूर्ति बुधवार रात और बृहस्पतिवार को भी प्रभावित हुई। बाबा मंदिर के पास लोड अधिक होने पर केबल धूं-धूं कर जल गई। इससे बुधवार रात दो घंटे आपूर्ति बाधित हुई।
वहीं संडीला विद्युत वितरण खंड क्षेत्र में आंधी से पांच विद्युत पोल के क्षतिग्रस्त होने से आपूर्ति पर असर पड़ा। शाहाबाद विद्युत वितरण खंड में आंधी के कारण 32 विद्युत पोल व लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। शाहाबाद कस्बे की आपूर्ति बहाल हो गई मगर ग्रामीण क्षेत्रों की आपूर्ति प्रभावित है। वहीं विद्युत वितरण खंड बिलग्राम के तहत आंधी से सांडी क्षेत्र के दो विद्युत पोल व लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिसको सही कराया गया है। अधीक्षण अभियंता राजीव भट़्ट ने बताया कि बुधवार को आंधी से क्षतिग्रस्त लाइन व पोल को सही कराया जा रहा है। जल्द आपूर्ति बहाल हो जाएगी। पूर्व में आंधी से क्षतिग्रस्त हुई लाइन व पोल को सही कराया जा चुका है।
वाजिदनगर में दो दिन से अंधेरा
पिहानी। बुधवार को आई आंधी ने वाजिदनगर क्षेत्र में बिजली लाइन को तहस-नहस कर दिया। जगह-जगह लाइन पर पेड़ गिरने से यहां बुधवार को पूरा दिन और पूरी रात बिजली आपूर्ति ठप रही। दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भी शाम तक गांव में बिजली नहीं पहुंची। भीषण गर्मी में लोग बेहद परेशान रहे। ग्रामीणों मो. अनस, मुफ्ती जावेद, श्रीकृष्ण, सर्वेश कुमार, धीरज ने बताया कि दो दिन से बिजली न आने से मोबाइल तक चार्ज नहीं हो सके। रात में अंधेरा रहने से भी दिक्कतें हुईं। जेई अजय शर्मा में बताया कि लाइन पर जगह-जगह पेड़ गिरने से भारी नुकसान हुआ है। दो दिन से कार्य जारी है। बृहस्पतिवार शाम तक आपूर्ति बहाल कर लिए जाने का प्रयास किया जा रहा है।
फोटो-29- बाबा मंदिर चौराहा के पास विद्युत केबल में लगी। संवाद