- फिटनेस में फेल और अधूरे प्रपत्रों पर दौड़ रहे कई वाहन
- बिना फिटनेस दौड़ रहे वाहनों पर कसेगी लगाम
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। शासन के निर्देश पर उप संभागीय परिवहन विभाग ने नियम विरुद्ध फर्राटा भर रहे वाहनों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई में ऐसे वाहन पकड़े गए हैं जिनके पास प्रपत्र अधूरे हैं और फिटनेस भी खत्म हो गया।
वाहनों में ई-रिक्शा, एंबुलेंस से लेकर बसें तक शामिल हैं। रिकार्डाें में वाहन फिटनेस में फेल हो चुके हैं लेकिन सड़क पर दौड़ रहे हैं। विभाग ने इन वाहनों पर कार्रवाई की है, साथ ही वाहन स्वामियों को फिटनेस कराने और प्रपत्र पूरे कराने के निर्देश दिए हैं।
शासन की ओर से फिटनेस को लेकर विशेष जोर दिया जा रहा है। बीते दिनों लखनऊ में हुए हादसे के बाद से तो ई-रिक्शा और ऑटो पर सख्ती कर दी गई है। शासन के निर्देश पर उपसंभागीय परिवहन विभाग भी अभियान चलाकर बिना प्रपत्रों के दौड़ रहे वाहनों पर कार्रवाई कर रहा है।
कार्रवाई में वाहनों की जांच की गई तो तमाम ऐसे वाहन जब्त किए गए जिनके प्रपत्र ही पूरे नहीं हैं। वाहन सड़कों पर बिना फिटनेस दौड़ रहे हैं। विभागीय रिकार्ड के अनुसार जिले में करीब 86 वाहनों के फिटनेस फेल हो चुके हैं और करीब 388 वाहनों का फिटनेस अभी लंबित है।
बिना फिटनेस दौड़ रहे वाहनों पर अब उप संभागीय परिवहन अधिकारी संजीव कुमार ने कार्रवाई का मन बना लिया है। उन्होंने वाहन स्वामियों से वाहनों का फिटनेस कराने और सभी प्रपत्रों को पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने वाहन स्वामियों से अनुरोध किया है कि जिन्होंने अब तक फिटनेस नहीं कराई है वह शीघ्र ही करा ले।
दो पहिया से लेकर चौपहिया तक शामिल
जनपद में 6 लाख 76 हज़ार 832 वाहन पंजीकृत हैं। इन सभी वाहनों के पंजीकरण का एक समय निर्धारित है, साथ ही वाहन का पंजीकरण होते समय इन वाहनों की एक आयु सीमा भी निर्धारित कर दी जाती है। उप संभागीय परिवहन विभाग हरदोई में 38635 ऐसे वाहन हैं जो 15 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं इनमें से 56 हजार वाहन का पंजीकरण भी समाप्त हो चुका है। जबकि 16008 वाहनों का टैक्स भी खत्म हो गया है। एआरटीओ प्रवर्तन ने बताया कि वाहनों के नियमित जांच की जा रही है जो भी ऐसे वाहन मिलते हैं उनको सीज करने के कार्रवाई की जा रही है।