बावन (हरदोई)। गर्रा नदी की सीप पर तस्करों की निगाह है। लोनार पुलिस और वन विभाग की टीम ने जगतपुर रोड पर एक डीसीएम और ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर जांच-पड़ताल की।
दोनों वाहनों में 85 बोरी प्रतिबंधित सीप मिली। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेने के साथ ही तस्करी में शामिल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें तीन आरोपी संभल के रहने वाले हैं और सीप भी संभल ले जाई जा रही थी।
लोनार थाना क्षेत्र में गर्रा नदी से सीप भरकर तस्करी के लिए संभल ले जाई जा रही डीसीएम और ट्रैक्टर-ट्रॉली को लोनार पुलिस और वन विभाग की टीम ने जगतपुर मार्ग पर पकड़ लिया। एसपी केसी गोस्वामी के निर्देशन में अभियान चलाया जा रहा है। एएसपी पश्चिमी और हरपालपुर सीओ के निर्देशन में टीम ने डीसीएम में 65 बोरी और ट्रैक्टर-ट्रॉली में 20 बोरी सीप बरामद की। लोनार कोतवाल आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि सीप की बाजार में कीमत कई लाख रुपये बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच-पड़ताल में पकड़े गए लोगों ने बताया कि सीप को गर्रा नदी से इकट्ठा किया था। इसे बिक्री के लिए संभल ले जाया जा रहा था।
बताया कि सीप की तस्करी में संभल के चिमयावली निवासी मुनीर पुत्र शब्बीर और हयातनगर निवासी जुल्फिकार पुत्र हबीबुर्रहमान व जाकिर पुत्र ताहिर शामिल है। इसी के साथ लोनार कोतवाली क्षेत्र के जगतपुर गांव निवासी छोटे पुत्र मुनीर, ट्रैक्टर चालक बाजपुर नकटौरा निवासी निराला पुत्र लल्ला को गिरफ्तार किया गया है। सभी के विरुद्ध वन्य जीव संरक्षण अधिनियम व भारतीय वन अधिनियम की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। टीम में कोतवाल के साथ सब इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र, अनिल कुमार गुप्ता व शुभम, वन दरोगा विपुल कुमार शुक्ला, ओमवीर, समरपाल, असमित कुमार यादव, सूर्यांश त्रिवेदी, बलराम प्रसाद पांडेय आदि टीम में शामिल रहे।