हरदोई। शहर के सदर बाजार में रविवार सुबह एक साल का मासूम बच्चा मिला। उसका रोना सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। बच्चे के परिजनों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। पुलिस और चाइल्ड लाइन के जिला प्रभारी अनूप तिवारी ने बच्चे को अपनी सुपुर्दगी में ले लिया। उसका अस्पताल में चेकअप कराया। दोपहर बाद चाइल्ड लाइन की ओर से बच्चे को लखनऊ स्थित बाल गृह भेज दिया गया। प्रभारी अनूप तिवारी ने बताया कि अगर बच्चे के संबंध में कोई साक्ष्य समेत दावा पेश करता है, तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।