हरदोई। विद्युत उपकेंद्र चरौली से जुड़े उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। क्षेत्र में लगातार होने वाली ट्रिपिंग, लो-वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या से निजात दिलाने के लिए विद्युत वितरण निगम ने कवायद शुरू की है। उपकेंद्र क्षेत्र के 13 नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए जा रहे हैं जबकि पुराने व खराब ट्रांसफार्मरों को दुरुस्त किया जा रहा है।
चरौली उपकेंद्र से शहर के विभिन्न मोहल्लों के करीब आठ हजार से अधिक उपभोक्ता जुड़े हुए हैं। लंबे समय से इस क्षेत्र के उपभोक्ता ओवरलोडिंग और आए दिन ट्रांसफार्मर फुंकने की समस्या झेल रहे थे। भीषण गर्मी और पीक आवर्स के दौरान बार-बार बिजली गुल होने से लोगों की दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हो रही थी। स्थानीय निवासी लगातार आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे थे।
इन स्थानों पर लगेंगे ट्रांसफार्मर
पिहानी चुंगी पर 250 केवीए, एसपी आवास के पास 250 केवीए, चरौली पुलिया के पास 250 केवीए, मथुरा चक्की के पास 250 केवीए, अुब्दुलपुरवा में महाराजा गेस्ट हाउस के पास 250 केवीए, बढैयनपुरवा में 250 केवीए, झरोइयां मोड़ पर 100 केवीए आदि स्थानों पर ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे।
चरौली उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में बिजली आपूर्ति को सुचारू बनाने के लिए 13 नए ट्रांसफार्मर लगाए जा रहे हैं। साथ ही पुराने ट्रांसफार्मरों की मरम्मत का काम भी जारी है। जल्द ही कार्य पूरा कर लिया जाएगा जिससे उपभोक्ताओं को ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या से निजात मिलेगी।
-आकाश वर्मा, एसडीओ टाउन