हरदोई। विधायक राजकुमार अग्रवाल द्वारा भेजे गए 25 सड़कों के निर्माण को शासन ने स्वीकृति दे दी है। इनके निर्माण के लिए 8.5 करोड़ रुपये का बजट भी जारी कर दिया गया है। लोक निर्माण विभाग ने कार्य शुरू कराने की कवायद तेज कर दी है।
लखनऊ और हरदोई से समान दूरी पर स्थित संडीला विधानसभा क्षेत्र का अधिकांश हिस्सा ग्रामीण अंचल है। यहां तक जाने के लिए बनाई गई कई प्रमुख सड़कों व मार्गों की अरसे से मरम्मत नहीं कराई गई है, जिसके कारण आवागमन दूभर है। छह माह पहले विधायक राजकुमार अग्रवाल ने इंटौजा, पंवाया मार्ग से जटपुरवा संपर्क मार्ग, गदौरा मार्ग से जबर संपर्क मार्ग, रामपूर्व गढ़ से हुलासपुर संपर्क मार्ग, पंचखेड़ा संपर्क मार्ग, बंगालपुर संपर्क मार्ग व कुकुरा से नयाखेड़ा मार्ग समेत 25 सड़कों के पुनर्निर्माण व मरम्मत का प्रस्ताव शासन को भेजा था। शासन ने हाल ही में विधायक द्वारा भेजे इन सड़कों के निर्माण व मरम्मत कार्य को स्वीकृति दे दी है। शासन ने सभी 25 सड़कों निर्माण के लिए लगभग 8.5 करोड़ रुपये का बजट भी जारी कर दिया है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग ने सड़कों के निर्माण व मरम्मत कार्य कार्य की कवायद शुरू कर दिया है।
जल्द काम शुरू होगा
शासन को भेजे गए प्रस्तावों के सापेक्ष 25 सड़कों के निर्माण व मरम्मत को स्वीकृति मिली है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को जल्द काम शुरू कराने के लिए कहा गया है। कुछ अन्य सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव शासन भेजा है। प्रयास कर उन्हें भी स्वीकृति दिलाई जाएगी। - राजकुमार अग्रवाल, विधायक, संडीला।
लोगों ने जताई खुशी
- किनौटी गांव निवासी छत्रपाल ने बताया कि सड़क का निर्माण लगभग पांच साल पहले हुआ था, तब से मरम्मत नहीं कराई गई है। दिन में जैसे तैसे लोग निकल जाते हैं, लेकिन अंधेरा होने के बाद लोगों को खासी परेशानी होती है। सड़क की मरम्मत होने से लोगों को काफी राहत मिलेगी।
- मोहन सिंह ने बताया कि सड़क जर्जर होने से आए दिन कोई न कोई हादसा होता रहता है। सड़क बन जाने से आवागमन काफी सुगम हो जाएगा।
- किनौटी गांव निवासी सुधाकर ने बताया कि सड़क जर्जर होने के कारण सबसे ज्यादा परेशानी बारिश में होती है। पैदल चलने वालों को भी खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
- उदय प्रताप ने बताया कि सड़क पर बजरी उखड़ गई है। कई जगह गड्ढे भी हो गए हैं। अब निर्माण को स्वीकृति मिली है। ये लोगों के लिए हर्ष का विषय है।
फोटो-13- कुछ ऐसा हो गया है जामू-लूमामऊ मार्ग से किनोटी जाने वाले मार्ग का हाल। संवाद- फोटो : HARDOI