असोहा (उन्नाव)। बैगांव में हार्डवेयर कारोबारी के घर से रविवार रात चोरों ने सात लाख रुपये और करीब 70 लाख के जेवर पार कर दिए। घर वाले कमरों में सोते रहे। तीन बजे एक महिला की आंख खुली तो उसने चोर को भागते देखा। खटपट की आवाज पर भी लोगों के न जागने पर पुलिस नशीला स्प्रे डालने की भी तफ्तीश कर रही है।
पुरवा कोतवाली के बैगांव निवासी राधेश्याम जायसवाल हार्डवेयर कारोबारी हैं। रविवार रात चोर घर के बगल में बने दूसरे मकान की दीवार से छत पर पहुंचे और जीने में दरवाजा बंद न होने से भीतर उतर गए। चोरों ने कमरे और अलमारी का ताला तोड़कर जेवर पार कर दिए और दो बक्से उठा ले गए। बक्से में सात लाख रुपये रखे थे। हैरानी की बात यह है कि पास के कमरों में सो रहे परिवार के लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी। व्यापारी ने बेहोश करने वाला स्प्रे डालने का शक जताया है।
बक्सों से रुपये व अन्य कीमती सामान निकालकर खाली बक्से व जेवर के डिब्बे घर से करीब 500 मीटर रास्ते में फेंक गए। व्यापारी राधेश्याम के मुताबिक सुबह करीब तीन बजे बहू पूनम की अचानक नींद खुली तो उसने कुछ लोगों को भागते देखा और बेटे (अपने पति) दीपक और सास सुधा को आवाज दी। पड़ोस के एक युवक ने भी चोरों को भागते देखा।
पीड़ित व्यापारी के मुताबिक चोर पत्नी, बहू के अलावा दो बेटियों व अन्य पुश्तैनी जेवर भी ले गए। पीड़ित व्यापारी ने बताया कि वह कुछ दूर पर मंगतखेड़ा के पास बने मकान में सो रहे थे। जबकि घर में बेटा दीपक, बहू पूनम, पत्नी सुधा और दो छोटे पौत्र सो रहे थे। घटना की सूचना पर ग्राम प्रधान अनिल विमल ने पुलिस को जानकारी दी। हल्का इंचार्ज सियाराम चौरसिया ने जांच की। सीओ दीपक सिंह ने बताया कि पीड़ित व्यापारी के बेटे दीपक जायसवाल ने तहरीर दी है। जांच कर जल्द खुलासे का प्रयास किया जा रहा है।