कन्नौज। लोकसभा चुनाव के दौरान ड्यूटी पर यदि कोई कर्मी बीमार हुआ तो सरकारी से लेकर निजी अस्पतालों में कैशलेस इलाज मुहैया कराया जाएगा। प्रमुख सचिव स्वास्थ्य ने स्वास्थ्य महकमे को व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश जारी किए हैं।
जिले के 1553 बूथों पर मतदान के लिए कर्मियों की ड्यूटी लगाई जा रही है। पोलिंग पार्टी रवाना होने से लेकर ईवीएम जमा करने तक की ड्यूटी के दौरान यदि कोई कर्मी बीमार होता है तो पहले बूथ पर प्राथमिक तौर पर दवाई दी जाएगी। जरूरत पड़ी तो पास के सीएचसी या पीएचसी पर ले जाया जाएगा। इसके बाद भी हालत में सुधार नहीं हुआ तो बीमार कर्मी को जिला अस्पताल में इलाज दिया जाएगा। जिला अस्पताल में मर्ज के अनुसार इलाज नहीं हुआ तो निजी अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। यहां कैशलेस इलाज दिया जाएगा। इसकी प्रतिपूर्ति आयोग से की जाएगी। इसको लेकर प्रमुख सचिव स्वास्थ्य प्रशांत द्विवेदी ने स्वास्थ्य महकमे को दिशा-निर्देश दिए हैं। इस संबंध में सीएमओ डॉ. कृष्ण स्वरूप का कहना है कि गाइड लाइन आ रही है। उसके हिसाब से मतदान कर्मियों को चिकित्सा सुविधा दी जाएगी। बूथों के आसपास के स्वास्थ्य केंद्रों को भी अलर्ट कर दिया गया है।
सीएमओ देंगे दवाइयों की जानकारी
जिला निर्वाचन अधिकारी रवींद्र कुमार ने सीएमओ को निर्देशित किया है कि मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण के समय वह मौके पर मौजूद रहें। कार्मिकों को किट में दी जाने वाली दवाइयों की विस्तार से जानकारी दें। वहीं, प्रशिक्षण, पोलिंग पार्टियां रवाना होने व मतदान के बाद ईवीएम जमा करते समय चिकित्सकों की टीमें भी तैनात रखें।
चुनाव ड्यूटी में बीमार होने पर कैशलेस होगा इलाज
प्रमुख सचिव स्वास्थ्य ने महकमे को व्यवस्थाएं पूरी करने के जारी किए निर्देश