हरदोई। रविवार को सांडी में एक वीडीओ की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। वहीं जिले में 66 कोरोना संक्रमित और मिले हैं। इसके साथ कुल संक्रमित 4122 हो गए हैं। एक्टिव केस 706 हैं। 3351 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। जिले में अब तक कोरोना से 65 मौतें हुईं हैं।
सांडी विकास खंड में तैनात ग्राम विकास अधिकारी (47) पांच सितंबर को कोरोना संक्रमित मिले थे। 15 सितंबर को परेशानी बढ़ने पर उन्हें एल-2 अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार रात हालत बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ भेजा जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। सांडी के ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि पीके वर्मा, खंड विकास अधिकारी रोहिताश्व कुमार ने उनके पैतृक गांव फदनापुर पहुंच शोक जताया। सीएमओ कार्यालय से जारी की गई संक्रमितों की सूची के मुताबिक पिहानी चुंगी के एक ही परिवार के दो पुरुष, एक महिला और एक किशोरी शामिल हैं। शहर के मोहल्ला विष्णुपुरी निवासी व्यापारी (65) संक्रमित है। बेहटागोकुल थाने में तैनात पुलिस कर्मी (23) की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
अहिरोरी विकास खंड के लोकवापुर निवासी युवक (20) और पिता-पुत्र भी संक्रमित मिले हैं। शहर के मोहल्ला अशराफ टोला निवासी व्यापारी (67) को भी कोरोना है। सराफा व्यवसायी का पुत्र (18) भी कोरोना संक्रमित मिला है। शाहाबाद के मोहल्ला चौक निवासी अधेड़ (53), संडीला के बैंक आफ इंडिया के निकट रहने वाले बुजुर्ग (61) को भी कोरोना है। हरपालपुर स्थित भारतीय स्टेट बैंक के फील्ड अफसर (45) भी पॉजिटिव मिले है। इसकी जानकारी मिलते ही बैंक में सैनिटाइजेशन कराया गया।
डीएम की रिपोर्ट आई निगेटिव
जिलाधिकारी अविनाश कुमार की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। दस सितंबर को जिलाधिकारी एंटीजन टेस्ट में कोरोना संक्रमित मिले थे। इसके बाद से वह सरकारी आवास पर आइसोलेट थे। सोमवार को ट्रू नेट से कराई गई जांच में डीएम की रिपोर्ट निगेटिव आई है।