अमर उजाला ब्यूरो
सांडी। छह दिन पहले सांडी विकास खंड की ग्राम पंचायत संगैचामऊ के प्रधान चुने गए विनोद कुमार (42) की डेंगू की चपेट में आकर शनिवार देर रात लखनऊ के एक प्राइवेट अस्पताल में मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी में रविवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया।
2015 में हुए पंचायत चुनाव में परमेश्वर संगैचामऊ के प्रधान निर्वाचित हुए थे। कुछ माह पूर्व बीमारी के कारण उनकी मौत हो गई थी। इसके बाद प्रधान पद पर उपचुनाव कराया गया। गत 28 अगस्त को उपचुनाव की मतगणना हुई थी। इसमें परमेश्वर के पुत्र विनोद कुमार बड़े अंतराल से चुनाव जीते थे। 29 अगस्त को तेज बुखार आने के कारण विनोद ने सांडी कस्बे के एक प्राइवेट चिकित्सक से उपचार कराया। 31 अगस्त को हालत बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ ले जाया गया। शनिवार रात लगभग 11 बजे लखनऊ में उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी पाकर पत्नी राजवती की हालत बिगड़ गई। उन्हें भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक के चार पुत्र और एक पुत्री है।
नवनिर्वाचित संगैचामऊ ग्राम प्रधान की डेंगू से मौत
- पिता की मौत से रिक्त हुए प्रधान पद पर 28 अगस्त को हुआ था निर्वाचन
- शपथ भी न ले पाए विनोद कुमार, पत्नी की हालत बिगड़ी