बावन। हरदोई-सवायजपुर मार्ग पर बावन कस्बा स्थित बस स्टॉप से ब्लाक कार्यालय जाने वाली सड़क का 600 मीटर हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। हाल ये है कि बारिश में सड़क तालाब में तब्दील हो गई है। सड़क किनारे नाली न होने से घरों से निकलने वाला पानी भी सड़क पर भरता है।
कस्बे से ब्लॉक मुख्यालय जाने वाले मुख्य मार्ग की लंबाई लगभग दो किलोमीटर है। 15 साल पहले इस सड़क का निर्माण कराया गया था। तीन साल पहले जर्जर सड़क के एक हिस्से की पीडब्लूडी द्वारा मरम्मत कराई गई थी, जबकि दो वर्ष पूर्व ब्लॉक की ओर से सड़क के एक हिस्से का निर्माण सीसी रोड के रूप में करा दिया गया था।
पीडब्लूडी द्वारा मरम्मत कराई गई सड़क का लगभग 600 मीटर हिस्सा ऐसा है, जो पूरी तरह जर्जर पड़ा है। इस पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। लोगों का कहना है कि सड़क खराब होने से अक्सर वाहन सवार चुटहिल हो जाते हैं। अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से कई बार मरम्मत मांग की गई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। अगर नाली निर्माण होने के साथ ही सड़क का नए सिरे से निर्माण हो जाए तो लोगों को काफी राहत मिलेगी।
फिलहाल रोड़ी डलवाएंगे
ग्राम पंचायत सचिव सुनील पाल ने कहा कि जब तक सड़क का निर्माण नहीं होता तब तक मार्ग पर रोड़ी आदि डलवाने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि राहगीरों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
लोगों ने बताई समस्या
- कस्बा निवासी हमीद अहमद पप्पू ने बताया कि सड़क का छह सौ मीटर का हिस्सा पूरी तरह खराब है। जलभराव के कारण वाहन चालकों व पैदल गुजरने वालों को खासी परेशानी होती है। सड़क बने तो लोगों को काफी राहत मिलेगी।
- कस्बा निवासी डॉ. अभिषेक शास्त्री ने बताया कि बारिश के बाद खराब सड़क पर जलभराव हो गया है। सड़क का निर्माण होने के साथ ही किनारे नाला बने, तभी समस्या का समाधान हो सकेगा।
- कस्बा निवासी व्यवसायी उमाकांत पाठक ने बताया कि लोगों द्वारा सड़क की मरम्मत कराने व नाला बनवाने की मांग की जा रही है। जिम्मेदारों को इस ओर ध्यान देना चाहिए। हादसे की आशंका भी रहती है।
- सराफा कारोबारी पंकज राठौर ने बताया कि जल निकासी न होने के कारण सड़क तालाब में तब्दील हो गई है। बताया कि आमजन के साथ ही ब्लॉक जाने वाले कर्मचारियों को भी आवागमन में परेशानी होती है।