सवायजपुर। पाली के अमिरता गांव में अभियान चलाकर जंगल ढाक की भूमि तथा तालाबों से अवैध अतिक्रमण हटवाया गया। कब्जे से 56 बीघा भूमि मुक्त कराई गई।
एसडीएम अभिषेक सिंह ने बताया कि वृहद गोशाला के समीप जंगल घाट की भूमि 36 बीघा और अलग-अलग सात तालाबों की 20 बीघा भूमि जिस पर एक दर्जन लोगों ने अतिक्रमण कर रखा था, कब्जा मुक्त कराया गया। उन्होंने बताया कि चकरोड, खलिहान,बंजर की भूमि पर अवैध कब्जा हटाने के प्रतिदिन अभियान चलाया जाएगा।
बीते तीन माह में अतिक्रमण हटाए गए और निरस्त किए गए पट्टों का सत्यापन कराया जाएगा। अगर कहीं दोबारा कब्जे की बात आती है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया तालाबों की भूमि पर पक्का निर्माण की भी शिकायतें आ रही हैं, इनकी जांच कराई जाएगी। शिकायत सही पाए जाने पर बुलडोजर से पक्का निर्माण हटाया जाएगा। तहसीलदार डॉ. अरुणिमा श्रीवास्तव, सभी नायब तहसीलदार अपने-अपने क्षेत्रों में मौके पर पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।