भरावन। खोए मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर बैंक खाते से 53800 रुपये निकाल लेने का मामला सामने आया है। छह दिन में निकाली गई रकम का पता चलने पर दो लोगों को नामजद करते हुए तीन लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अतरौली थाना क्षेत्र के हयातगंज निवासी राम किशोर ने बताया कि 21 अक्तूबर को वह भटपुर गए थे। इस दौरान उनका मोबाइल फोन गिर गया था। मोबाइल में उनके बेटे बबलू गुप्ता के नाम आवंटित सिम पड़ी थी। आरोप है कि यह मोबाइल किसी के हाथ लग गया। उसने 21 अक्तूबर को कई बार में 9010 रुपये, 22 अक्तूबर को एक हजार रुपये और 23 से 26 अक्तूबर के बीच 43790 रुपये निकाल लिए। अतरौली थाने में इसकी शिकायत कर बैंक की हेल्पलाइन पर भी सूचना दी। जांच के दौरान पता चला कि सीतापुर के बड़ा गांव करौंदी निवासी राम दयाल और शादाब अहमद ने उसके बैंक खाते से फोन का इस्तेमाल कर रुपये निकाले हैं। प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत पांडेय ने बताया कि एसपी के आदेश पर दो लोगों को नामजद करते हुए तीन लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। (संवाद)