फोटो-19-अहिरोरी नर्सरी का पुरसाहाल लेते वन रेंज अधिकारी रत्नेश श्रीवास्तव। संवाद
- फोटो : HARDOI
जिले में इस बार 53 लाख 68 हजार पौध रोपण कर हरियाली लाने का प्रयास किया जाएगा। प्रदेश के साथ जनपद का लक्ष्य भी जिले के वन विभाग को निर्धारित कर आवंटित कर दिया गया है। खास बात यह है कि यह लक्ष्य पिछले साल की तुलना में अधिक है।
हर बार की तरह ही इस बार भी मई माह में वन विभाग हरियाली यानी पौध रोपण को लेकर सजग हो गया है। निदेशालय की ओर से पूरे प्रदेश में पौधरोपण को लेकर योजना बनाई गई है।
इसके बाद जिलेवार भी लक्ष्यों का निर्धारण कर जिले के वन विभागों को नई जिम्मेदारियों से अवगत करा दिया गया है।
इस जनपद को 53 लाख 68 हजार 200 पौधों को रोपित करवाना है। जिला पौधरोपण समिति की बैठक में इस लक्ष्य को पाने के लिए जिलाधिकारी पुलकित खरे ने जिले वन अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
डीएफओ राकेश चंद्रा ने बताया कि निदेशालय के निर्देश पर इस बार भी वन विभाग अपने लक्ष्यों को शत प्रतिशत पूरा करेगा।
पौध रोपण का लक्ष्य मिलने के बाद से ही जिले की सातों रेंजों में गड्ढे खोदने का कार्य पिछले माह ही पूर्ण हो गया था। इसकेे बाद वन विभाग के अधिकारियों की माने तो पौध रोपण के लक्ष्य के मुताबिक नर्सरी तैयार होने लगी है।
वर्ष 2021 के लिए भी पौधरोपण का लक्ष्य 6496785 निर्धारित कर दिया गया है। जबकि वर्ष 2022 के लिए 7579590 का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।