521 हेक्टेयर धरा होगी हरियाली
हरदोई। ग्रीन यूपी-क्लीन यूपी कार्यक्रम के तहत 11 जुलाई को 89 साइटों पर आठ लाख 66 हजार पौधों का रोपण किया जाएगा। इस पौधरोपण से जिले की 521 हेक्टेयर भूमि आच्छादित होकर हरी भरी नजर आएगी।
डीएफओ वीके सिंह ने बताया कि सभी 89 साइटों पर 89 प्लांटिंग पार्टियाें को भेजा जा चुका है। दो आडीटर व दो पर्यवेक्षक प्रत्येक साइट पर मौजूद रहेंगे। बताया कि पौधरोपण कार्यक्रम आन लाइन होने से कंप्यूटर व नेट के माध्यम से विश्व रिकार्ड को लेकर भूमिका निभा रही कंपनी केजीएमपी के अधिकारी नजर रखेंगे। बताया कि लखनऊ रोड पर महरी साइट को वीआईपी घोषित किया गया है। राज्यमंत्री अभिषेक मिश्रा पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल सहित सभी विधायक व सांसदों को भी आमंत्रित किया गया है।
अभियान में कंट्रोल रूम भी सक्रिय
प्रत्येक दो घंटे पर पौधरोपण की सूचना कंट्रोल रूम 05852-234452 नंबर पर दी जाएगी। इसके अतिरिक्त रामपाल (मोबाइल नंबर 8005273200) और अर्पित की (मोबाइल नम्बर 9452339781) की ड्यूटी कंट्रोल रूम में लगाई गई है।
नोडल अधिकारी व केजीएमपी ने संभाली कमान
हरदोई। वन संरक्षक चैतन्य नारायन और नीदरलैंड की कंपनी केजीएमपी के आदित्य ने रविवार को जिले में पहुंचकर अभियान की कमान संभाल ली। इन दोनों जिम्मेदारों ने डीएफओ वीके सिंह के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
कस्तूरबा गांधी में रोपे गए पौधे
रविवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय शाहाबाद नवीन में वार्डेन चित्रा सिंह चौहान के नेतृत्व में एक दर्जन से अधिक पौधों को रोपा गया। इस मौके पर राखी तिवारी, अनीता अवस्थी, ललित कुमार आदि रहे।
267 फोटोग्राफर की लगाई गई ड्यूटी
पौधरोपण की फोटोग्राफी के लिए 267 फोटोग्राफरों की ड्यूटी लगाई गई है। हर दो घंटे पर फोटो खींचकर कंट्रोल रूम को देनी होगी। जिसके लिए हर साइट पर तीन तीन फोटोग्राफर रखे गए हैं। कुल मिलाकर 89 साइटों पर 267 फोटोग्राफर रहेंगे।
5696 श्रमिक करेंगे पौधरोपण में सहयोग
आठ लाख 66 हजार पौधों को रोपित कराने के लिए 5696 श्रमिकों को लगाया गया है। जिनकी व्यवस्था जिले के प्रत्येक खंड विकास अधिकारी ने की है।
120 टीमों ने शुरू कर दी सक्रियता
डीएफओ वीके सिंह ने बताया कि पौधरोपण को सफल बनाने के लिए सभी तहसीलदारों को जोनल मजिस्ट्रेट और उप जिलाधिकारियों को सुपर जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। पौधरोपण के लिए 120 टीमें तैयार की गई हैं। जो आज साइटों के इर्द गिर्द घूमती नजर आएंगी।
इंसेट
इंसेट
आकांक्षा समिति भी करेगी सहयोग
वृहद पौधरोपण अभियान में आकांक्षा समिति भी सहयोग करेगी। डीएफओ वीके सिंह ने बताया आकांक्षा समिति अध्यक्ष डा. अनु वार्ष्णेय व उनके पदाधिकारी व सदस्य भी पौधरोपण करेंगे।
इंसेट
एक पेड़ कई को जीवन देने के बराबर- डीएम
जिलाधिकारी विवेक वार्ष्णेय ने बताया कि यह अभियान पूरे प्रदेश के लिए वरदान के समान है। एक एक पौधा कई को बड़ा होकर वायु व शुद्ध वातावरण प्रदान करेगा। इस अभियान में पूरा जनपद सहयोग करेगा और जिले की धरा को हरा भरा करेगा।