आवास विकास कालोनी में संक्रमित पाए जाने पर सील की गई गली। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। शनिवार को जिले में 52 और लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही जनपद में कुल संक्रमितों की संख्या 1166 हो गई है। कोरोना से अब तक 13 लोगों की मौत हुई हैं, जबकि 638 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। एक्टिव केस 515 हैं।
सीएमओ डा. सूर्यमणि त्रिपाठी ने बताया कि हरपालपुर निवासी युवक (38), भरावन के रसुलवा निवासी युवक (32), बिलग्राम के छिबरामऊ निवासी किशोर (17), अहिरोरी के भीठादान निवासी युवक (32), माधौगंज के पूर्वी पटेलनगर निवासी महिला (36), हरदोई के बढ़ैयनपुरवा निवासी महिला (20) व युवक (19) कोरोना संक्रमित मिले हैं।
शाहाबाद प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे के मोहल्ला होलीकला में रहने वाले कोटेदार के एक रिश्तेदार की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। कस्बे के मोहल्ला चौक में रहने वाले कोटेदार की पत्नी के भाई (46) संक्रमित मिले हैं। सीएचसी शाहाबाद के अधीक्षक डॉ. प्रवीण दीक्षित ने बताया कि मोहल्ला होलीकला को हॉटस्पॉट एरिया बना दिया गया है।
थर्मल स्क्रीनिंग कराई जा रही है। मल्लावां प्रतिनिधि के अनुसार मोहल्ला मोहिउद्दीनपुर निवासी दो लोग संक्रमित मिले हैं। गुरुवार को मोहिउद्दीनपुर निवासी बालक (12) और उसके सगे भाई (15) का नमूना जांच के लिए लखनऊ मेडिकल कालेज भेजा गया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अरविंद कुमार मिश्रा ने बताया कि दोनों को घर पर ही आइसोलेट किया गया है।
संडीला विकास खंड के ग्राम नारायणपुर निवासी युवक (40) पंचायत मित्र है। वह संक्रमित मिला है। उसे कृषि महाविद्यालय में बनाए गए कोविड-19 एल 1 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके संपर्क में आए माता-पिता, पत्नी, चार बच्चे, एक बहन और बड़े भाई समेत कुल दस लोगों की जांच भी कराई जा रही है।