हरदोई। नामांकन को लेकर जिलास्तरीय अधिकारियों की ओर से सोल्जर बोर्ड चौराहे से पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस तक रोज सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक रोड़ बंद करने के आदेश तो दे दिए गए लेकिन इन चार घंटों में शहर जाम में जूझता नजर आ रहा है। इस दौरान चौराहों पर कोई अतिरिक्त व्यवस्थाएं देखने को नहीं मिल रहीं हैं।
प्रशासनिक आदेश दिया गया कि जब तक नामांकन होगा, तब तक सोल्जर बोर्ड चौराहे से पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस तक मार्ग बंद रहेगा। छोटे बड़े वाहन नुमाइश चौराहे से घूम कर जाएंगे। आदेश तो दे दिया गया लेकिन चौराहों पर कोई यातायात संबंधी इंतजाम न होने के कारण नुमाइश चौराहा, अस्पताल तिराहा, सिनेमा रोड सभी चौराहे पूरे चार घंटे लंबे जाम में फंसते नजर आ रहे हैं। बुधवार को भी रोडों पर जाम की स्थिति बद से बदतर देखने को मिली। रोडवेज, एंबुलेंस, स्कूली बसों से लेकर दोपहिया व चौपहिया सभी घंटों जाम में फंसे रहे। इस संबंध में यातायात प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि रोड पर लोड बढ़ने के कारण इस तरह की स्थितियां देखने को मिल रहीं है फिर भी जो प्रयास हैं वह किए जा रहे हैं।