हरदोई। चंडीगढ़ से मजदूरी कर गुरुवार रात लौट रहे मजदूर को ट्रेन में जहरखुरानों ने निशाना बना लिया। उसे जहरीला पदार्थ सुंघाकर 50 हजार रुपये और सामान लूट ले गए।
शहर कोतवाली क्षेत्र के सांडी मार्ग स्थित बोझवा गांव निवासी रामू (30) पुत्र कृष्णमुरारी चंडीगढ़ में मजदूरी करता है। उसकी पत्नी माधुरी ने बताया कि कई माह बाद गुरुवार को रामू सद्भावना एक्सप्रेस से वापस घर आ रहा था। रास्तेे में ट्रेन में चार युवक उसे मिले। उससे बातें करते रहे। कुछ ही देर में रामू को नशीला पदार्थ सुंघा दिया।
बेहोश होने के बाद मजदूरी के 50 हजार रुपये व कपड़ा आदि सामान से भरा बैग उठाकर चंपत हो गए। रामू की माने तो उसे हरदोई पहुंचते होश आ गया। देर रात स्टेशन पर उतरकर किसी तरह घर पहुंचा। शुक्रवार को हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। कोतवाल शैलेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि घटना संज्ञान में नहीं है। पीड़ित की तरफ से तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।