पाली। नगर के भारतीय इंटर कॉलेज में रविवार को मतदाता जागरुकता चौपाल का आयोजन किया गया। डीआईओएस वीके दुबे ने बीएलओ, स्काउट ट्रेनर व अध्यापकों से अभियान को सफल बनाने की अपील की। डीआईओएस ने कहा कि नगर में कुल 13 वार्ड हैं, जिस वार्ड में सबसे अधिक मतदान होगा वहां के बीएलओ को प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। जो छात्र-छात्राएं परिजनों के वोट डलवाने का प्रमाण देंगी, उन्हें परीक्षा में नागरिकता के बोध के तहत पांच अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे।
डीआईओएस ने कहा कि बीएलओ मतदाताओं के घर जाकर उन्हें मतदान के लिए प्रेरित करें। ग्रुप में सेल्फी अपलोड करें। स्काउट प्रशिक्षक राकेश रंजन त्रिवेदी व अनुराग अवस्थी ने बताया कि 31 मार्च को डीआईओएस की अगुवाई में नगर में मतदाता जागरुकता रैली निकाली जाएगी। इससे पहले डीआईओएस ने बूथों का निरीक्षण किया। इस मौके पर जिला संगठन आयुक्त स्काउट रमेश वर्मा व स्काउट मास्टर पंकज वर्मा आदि मौजूद रहे।
जिला विकास अधिकारी राजितराम मिश्र ने रविवार को कस्बे के कई मतदान बूथों का निरीक्षण किया। मोहल्ला लोहानी के बूथ पर नल और शौचालय की व्यवस्था खराब मिलने पर उसे सुधरवाने के निर्देश दिए। प्राथमिक विद्यालय कलां के बूथ पर प्रकाश की व्यवस्था कराने व जूनियर हाईस्कूल का बूथ जर्जर मिलने पर उसे सुधरवाने के निर्देश दिए। डीडीओ ने जूनियर हाईस्कूल परिसर में आयोजित मतदाता जागरुकता गोष्ठी में लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया। यहां बृजनंदन वर्मा, नवनीत वाजपेयी, फुरकान फारूकी, विजय गुप्ता व अब्दुर्रहीम कुरैशी आदि मौजूद रहे।